UP से गिरफ्तार ISIS आतंकी रिजवान दिल्ली कोर्ट में पेश, पुलिस मांगेगी रिमांड

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और यूपी एटीएस ने कुशीनगर से ISIS से जुड़े संदिग्ध आतंकी रिजवान अहमद को गिरफ्तार किया है। आरोपी से बम बनाने का सामान और जिहादी साहित्य बरामद हुआ है।
UP से गिरफ्तार ISIS आतंकी रिजवान दिल्ली कोर्ट में पेश, पुलिस मांगेगी रिमांड
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलिजेंस टीम और यूपी एटीएस ने उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से आईएसआईएस से जुड़े संदिग्ध आतंकी रिजवान अहमद को गिरफ्तार किया है। उसे पूछताछ के लिए दिल्ली लाया गया और पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया।

    बम बनाने का सामान और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद

    पुलिस के मुताबिक, रिजवान अहमद आईएसआईएस के लिए भारत में लोगों की भर्ती करने का काम करता था। उसके पास से बम बनाने का सामान और जिहादी साहित्य समेत कई आपत्तिजनक दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। इसके अलावा उसके मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

    कुशीनगर कोर्ट से लिया गया ट्रांजिट रिमांड

    गिरफ्तारी के बाद आरोपी को पहले कुशीनगर के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया था। वहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम उसे दिल्ली लेकर पहुंची।

    पहले भी रह चुका है जेल में

    जानकारी के मुताबिक रिजवान अहमद कुशीनगर के पडरौना छावनी के राइन मोहल्ले का रहने वाला है। करीब एक दशक पहले वह काम के सिलसिले में मुंबई गया था।

    Breaking News

    मुंबई ब्लास्ट से जुड़े मामले की जांच के दौरान उसके कमरे से विस्फोटक बरामद हुए थे। इसके बाद उसके नंबर से अंतरराष्ट्रीय कॉल और आईएसआईएस से संबंध सामने आने पर वह करीब छह साल तक मुंबई की जेल में बंद रहा था।

    आतंकी मॉड्यूल की जांच में सामने आया नाम

    दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा दर्ज एक मामले की जांच के दौरान भी रिजवान अहमद की भूमिका सामने आई है। इसी आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया।

    लश्कर-ए-तैयबा के मॉड्यूल का भी हुआ था खुलासा

    गौरतलब है कि 23 फरवरी को स्पेशल सेल ने पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक बड़े मॉड्यूल का भी पर्दाफाश किया था।

    करीब नौ दिनों तक कोलकाता और तमिलनाडु में छापेमारी कर सात बांग्लादेशी समेत कुल आठ आतंकियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि यह मॉड्यूल बांग्लादेश में बैठे लश्कर के हैंडलर शबीर अहमद लोन के निर्देश पर भारत में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहा था।

    भीड़भाड़ वाले इलाकों की कर चुके थे रेकी

    जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपियों ने देश के कई राज्यों में भीड़भाड़ वाले इलाकों की रेकी भी कर ली थी। उनके मोबाइल फोन से ऐसी कई वीडियो भी बरामद हुई हैं, जिनसे उनकी साजिश का खुलासा हुआ।

    Shivani Gupta
    By Shivani Gupta

    शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

    Latest Posts