MP में लौट आई कड़ाके की ठंड, गिरवर 8.4 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा; भोपाल में 3.4 डिग्री गिरा पारा

MP में बारिश थमते ही ठंड बढ़ गई है। गिरवर में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री और भोपाल में 9 डिग्री दर्ज हुआ। अगले तीन दिन पारा और गिर सकता है।
MP में लौट आई कड़ाके की ठंड, गिरवर 8.4 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा; भोपाल में 3.4 डिग्री गिरा पारा
MP Weather Update

मध्य प्रदेश में बारिश का दौर थमते ही ठंड ने फिर जोर पकड़ लिया है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के कई शहरों में न्यूनतम तापमान तेजी से गिरा है। शाजापुर जिले का गिरवर कस्बा 8.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। वहीं, भोपाल में एक ही रात में पारा 3.4 डिग्री लुढ़ककर 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

बारिश थमते ही बदला मौसम का मिजाज

मौसम केंद्र भोपाल के मुताबिक, प्रदेश में तीन दिनों तक चक्रवात 'अकवान' और ट्रफ के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिला। इसके चलते पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के कई जिलों में बारिश हुई। बारिश के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। अब मौसम सिस्टम के आगे बढ़ने और बारिश थमने के बाद प्रदेश में ठंड का असर बढ़ गया है। दिन के साथ रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है।

भोपाल में एक रात में 3.4 डिग्री गिरा पारा

बीती रात गिरवर के बाद भोपाल प्रदेश के सबसे ठंडे शहरों में शामिल रहा। यहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री से गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इसके अलावा दमोह में 9.2 डिग्री, कटनी के करौंदी में 10.2 डिग्री और नीमच के मरुखेड़ा में 10.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

MP weather

प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान इस तरह रहा-

ग्वालियर – 11.3 डिग्री

उज्जैन – 11.5 डिग्री

जबलपुर – 12.6 डिग्री

इंदौर – 13.2 डिग्री

रायसेन और रीवा – 11 डिग्री

गुना – 11.8 डिग्री

दतिया, छिंदवाड़ा और श्योपुर – 12 डिग्री

बैतूल – 12.7 डिग्री

नौगांव – 12.8 डिग्री

इसके अलावा रतलाम, खजुराहो, सतना, उमरिया, धार, नरसिंहपुर, शिवपुरी, खंडवा, टीकमगढ़, सीधी और नर्मदापुरम में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

अगले तीन दिन में 2 से 3 डिग्री और गिरेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट हो सकती है। ऐसा होने पर प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है। सुबह के समय धुंध का असर बना रहेगा, जबकि दिन में ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है।

पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण का असर

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में मौसम बदलेगा। सिस्टम के आगे बढ़ने के बाद उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश की ओर आएंगी, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है। फिलहाल प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में एक चक्रवाती परिसंचरण भी सक्रिय है। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव जारी रहने की संभावना है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

Latest Posts