गोरखपुर में जलभराव पर रवि किशन और पार्षद के बीच तीखी नोकझोंक, फोन पर पूछा- सपा जॉइन कर ली क्या?

गोरखपुर में बारिश के बाद जलभराव से लोग परेशान हैं। इसी बीच शहर के हालात को लेकर सांसद रवि किशन और बेतियाहाता वार्ड के पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी के बीच फोन पर तीखी बहस हो गई। पार्षद ने जलभराव की जानकारी दी तो रवि किशन ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने समाजवादी पार्टी जॉइन कर ली है? इसके जवाब में पार्षद ने भी सांसद से पूछ लिया कि क्या उन्होंने बसपा जॉइन कर ली है। इस बातचीत का वीडियो सामने आया है।
बारिश के बाद सड़कों और घरों में भरा पानी
गोरखपुर में पिछले तीन दिनों से धीमी बारिश हो रही थी। शनिवार, 26 सितंबर को दोपहर के समय चक्रवाती हवाओं के साथ बारिश तेज हो गई। इसके बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। सड़कों और गलियों में पानी भरने के साथ ही कई लोगों के घरों और दुकानों में भी पानी घुस गया। बेतियाहाता वार्ड में भी जलभराव की स्थिति बनी। इसी को लेकर पार्षद और अधिवक्ता विश्वजीत त्रिपाठी ने सांसद रवि किशन को फोन कर शहर के हालात बताए।
ये भी पढ़ें: समूह-3 भर्ती प्रक्रिया पर हाईकोर्ट का अंतरिम आदेश, दो संविदा सब इंजीनियरों ने दायर की याचिका
पार्षद ने पूछा- क्या आपने बसपा जॉइन कर ली?
फोन पर बातचीत के दौरान रवि किशन ने नाराजगी जताते हुए पार्षद से पूछा कि क्या उन्होंने समाजवादी पार्टी जॉइन कर ली है। इस पर विश्वजीत त्रिपाठी ने कहा कि वह शहर की स्थिति बता रहे हैं और सांसद उनसे सपा में जाने की बात कर रहे हैं। बातचीत आगे बढ़ी तो पार्षद ने भी रवि किशन से पूछ लिया कि क्या उन्होंने बसपा जॉइन कर ली है। इस दौरान दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। बातचीत का वीडियो भी सामने आया है।
रामगढ़ताल के मुख्य द्वार पर खड़े थे पार्षद
वीडियो में विश्वजीत त्रिपाठी रामगढ़ताल के मुख्य द्वार पर खड़े दिखाई दे रहे हैं। पार्षद का कहना है कि रवि किशन भी फोन पर अपनी लोकेशन वहीं की बता रहे थे, लेकिन वीडियो में वह वहां दिखाई नहीं दे रहे थे। हालांकि, रवि किशन का एक अन्य वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह नगर आयुक्त अजय जैन और महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव के साथ शहर का भ्रमण करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान वह जलभराव वाले इलाकों का जायजा लेते दिखाई दे रहे हैं।
सपा के टिकट पर जीते थे पार्षद
विश्वजीत त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी के टिकट पर पार्षद का चुनाव जीता था। इसके बाद उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली थी। बारिश के बाद शहर में जलभराव की समस्या और इसी को लेकर सांसद व पार्षद के बीच हुई फोन पर बहस अब चर्चा में है।




















