मां बगलामुखी की पूजा को शत्रु पर विजय प्राप्त करने के लिए बहुत प्रभावशाली माना जाता है। इसी क्रम में उज्जैन के महंत रामनाथ महाराज के नेतृत्व में 51 पुजारियों ने यह यज्ञ किया। इस दौरान लाल मिर्च, हल्दी, सरसों, नारियल और अन्य विशेष सामग्री अर्पित की गई। महंत रामनाथ महाराज ने बताया कि इस यज्ञ का आयोजन विशेष रूप से भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के लिए किया गया है।
हवन कुंड के पास बैठे पुजारियों और बटुकों ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों की तस्वीरें लेकर अनुष्ठान किया। इस दौरान, मंदिर परिसर में मौजूद क्रिकेट प्रेमी भारत माता की जय के नारे लगाते हुए तिरंगे के साथ उपस्थित थे। यज्ञ के दौरान लोग यह प्रार्थना कर रहे थे कि भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी पर अपना कब्जा जमाए और देश को गर्व का अवसर मिले।
गादीपति महंत योगी पीर रामनाथ जी महाराज ने इस अनुष्ठान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस तरह के यज्ञ विशेष रूप से शत्रु पर विजय प्राप्ति के लिए किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आज का दिन भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और यह यज्ञ टीम इंडिया की जीत की शुभकामनाएँ देने के लिए किया गया है।