Udhayanidhi Stalin Arrested :तृषा पर टिप्पणी कर बुरे फंसे उदयनिधि स्टालिन! FIR के बाद हिरासत में, सड़क पर उतरे कार्यकर्ता

तमिलनाडु में डीएमके नेता और विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन अभिनेत्री तृषा पर कथित विवादित टिप्पणी को लेकर विवादों में घिर गए हैं। अपमानजनक बयान देने के आरोप में FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने उन्हें चेन्नई स्थित उनके घर से हिरासत में ले लिया।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
कावेरी जल विवाद को लेकर तंजावुर में आयोजित एक विरोध सभा के दौरान उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य को कावेरी नदी का पानी नहीं मिला, जबकि मुख्यमंत्री इस मुद्दे पर गंभीर नहीं हैं।
इसी दौरान सभा में मौजूद कुछ लोगों ने 'तृषा... तृषा...' के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसके बाद उदयनिधि ने अपना भाषण रोककर ऐसी टिप्पणी की, जिसे कई लोगों ने अभिनेत्री तृषा की ओर इशारा और दोहरे अर्थ वाला बयान बताया। देखते ही देखते यह मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया।
घर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा
बयान के विरोध में तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के कार्यकर्ताओं ने उदयनिधि स्टालिन के घर के बाहर प्रदर्शन किया। विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए पुलिस ने उनके आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। विपक्षी दलों ने उदयनिधि से सार्वजनिक माफी की मांग की है और उनके बयान को महिलाओं का अपमान बताया है।
टीवीके और महिला आयोग में शिकायत
तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ स्थानीय पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। पार्टी ने बयान को आपत्तिजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
बीजेपी ने की गिरफ्तारी की मांग
बीजेपी ने भी इस मुद्दे पर उदयनिधि स्टालिन को घेरा है। तमिलनाडु बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बयान जारी कर कहा कि यह टिप्पणी अश्लील, शर्मनाक और महिलाओं का अपमान करने वाली है। बीजेपी नेताओं ने उदयनिधि स्टालिन से माफी मांगने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।











