Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Hormuz Missile Attack:होर्मुज में UAE के तेल टैंकरों पर मिसाइल हमला, भारतीय क्रू मेंबर की मौत, आठ लोग घायल

होर्मुज जलडमरूमध्य में यूएई के दो तेल टैंकरों पर हुए मिसाइल हमले ने पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है। इस घटना में एक भारतीय क्रू मेंबर की जान चली गई, जबकि छह भारतीयों समेत आठ लोग घायल हुए हैं। यूएई ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि वह अपनी सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।
होर्मुज में UAE के तेल टैंकरों पर मिसाइल हमला, भारतीय क्रू मेंबर की मौत, आठ लोग घायल
हमले के बाद धुएं में UAE के टैंकर।

अबू धाबी। होर्मुज जलडमरूमध्य में मंगलवार को बड़ा समुद्री हमला सामने आया, जब यूएई के झंडे वाले दो तेल टैंकरों को मिसाइलों से निशाना बनाया गया। इस हमले में एक भारतीय चालक दल सदस्य की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। घटना के बाद दोनों जहाजों में आग लग गई, जिसे बाद में चालक दल ने बुझा दिया। इस हमले के बाद खाड़ी क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है तथा UAEने इसे गंभीर सुरक्षा चुनौती बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया देने की बात कही है।

होर्मुज में दो टैंकर बने निशाना

संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ओमान के समुद्री क्षेत्र में होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी रास्ते से गुजर रहे दो तेल टैंकरों पर हमला किया गया। इन जहाजों के नाम मोम्बासा और अल बहिया बताए गए हैं। हमला उस समय हुआ जब दोनों टैंकर अपने तय समुद्री मार्ग से आगे बढ़ रहे थे। मिसाइल लगने के बाद जहाजों में आग फैल गई, जिससे चालक दल के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई। हालांकि काफी कोशिशों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

क्रू मेंबर की मौत, कई लोग घायल

इस हमले में सबसे दुखद खबर एक भारतीय चालक दल सदस्य की मौत की रही। वह मोम्बासा टैंकर पर तैनात थे। इसके अलावा आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार चार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। इस घटना के बाद भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

ये भी पढ़ें: हॉलीवुड ने खोया दिग्गज अभिनेता... 'जुरासिक पार्क' के स्टार सैम नील का 78 वर्ष की उम्र में निधन, कैंसर से जीती थी जंग

UAE ने हमले को बताया गंभीर उल्लंघन

हमले के बाद यूएई सरकार ने सख्त बयान जारी किया। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि किसी भी देश के व्यापारिक जहाजों पर इस तरह का हमला अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है। सरकार ने साफ किया कि देश अपनी संप्रभुता, नागरिकों और समुद्री हितों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाने का अधिकार रखता है। साथ ही सेना को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि भविष्य में किसी भी खतरे का तुरंत जवाब दिया जा सके।

ये भी पढ़ें: ट्रंप का होर्मुज पर अमेरिकी नियंत्रण का दावा: कॉमर्शियल जहाजों से 20% टोल की घोषणा, ईरान ने दी कड़ी चेतावनी

ईरान का अलग दावा

दूसरी ओर, ईरान की ओर से अलग बयान सामने आया है। ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने उन जहाजों को कथित तौर पर अवैध आवाजाही के कारण चेतावनी देने के लिए कार्रवाई की थी। ईरान का कहना है कि जहाजों को रोकने के लिए चेतावनी स्वरूप फायरिंग की गई थी। हालांकि यूएई ने इस दावे को स्वीकार नहीं किया और हमले को गंभीर सैन्य कार्रवाई बताया है।

Aditi Rawat
By Aditi Rawat

अदिति रावत | MCU, भोपाल से M.Sc.(न्यू मीडिया टेक्नॉलजी)| एंकर, न्यूज़ एक्ज़िक्यूटिव की जिम्मेदारियों...

Latest Posts