Peoples Update Special :आईफोन के लिए दो बच्चों ने छोड़ा घर, जा रहे थे दादी-मौसी के पास

पल्लवी वाघेला,भोपाल। मोबाइल और इसमें भी महंगे मोबाइल का जुनून किस कदर बच्चों पर हावी है इसके ताजा मामले बीते हफ्ते प्रकाश में आए। यहां आईफोन की चाह में दो अलग-अलग मामलों में बच्चों ने घर छोड़ने का कदम उठा लिया। पहले मामले में भोपाल का बच्चा दिल्ली जाने के लिए निकला था, लेकिन उसे आगरा के पहले रेस्क्यू कर लिया गया। वहीं दूसरे मामले में कानपुर क्षेत्र का बच्चा भोपाल में रेस्क्यू किया गया। दोनों मामलों में तुरंत परिवार से संपर्क के बाद बच्चों को परिजन को सौंप दिया गया है।
दादी ने किया था प्रॉमिस
नौ साल का बच्चा भोपाल से दिल्ली अपनी दादी के पास जाने के लिए निकला था। बच्चा, बिजनेस फैमिली से है और रिश्तेदारों से महंगे गिफ्ट मिलना उसके लिए आम बात है। कुछ ही दिन पहले उसके चाचा ने कजिन को आईफोन दिलवाया था इसके बाद उसने पैरेंट्स से आईफोन 17 प्रो मैक्स मांगा जिसके लिए मना कर दिया गया। उसने दादी से फोन मांगा और इस उम्मीद में कि वो फोन दिलवा देंगी बच्चा उनसे मिलने निकल गया। माता-पिता ने साफ मनाकर दिया था। बच्चे ने दादी को फोन लगाकर कहा कि पापा उसकी पसंद का फोन नहीं दिलवा रहे। दादी ने उसे यूं ही कह दिया कि कोई बात नहीं जब मैं मिलूंगी तो मैं तुझे दिलवा दूंगी। इसके बाद बच्चे ने प्लान किया कि वह चुपचाप दादी के पास चला जाएगा और फोन लेकर ही लौटेगा। हालांकि, टीटीई को संदेह होने बच्चे को रेस्क्यू कर लिया गया। स्थानीय बाल कल्याण समिति के सामने बच्चे के पिता ने कहा कि वह बच्चे को इतना महंगा फोन या बिना जरूरत की लग्जरी चीजें देने के पक्ष में नहीं है और वो उनकी मां ने भी बच्चे को बहलाने के लिए ऐसे ही कह दिया था क्योंकि उनके और उनके भाई के परिवार का माहौल अलग-अलग है।
बहन के बराबर स्टेटस चाहिए
दूसरे मामले में भोपाल रेलवे स्टेशन पर कानपुर के 11 साल बे बच्चे को रेस्क्यू किया गया। बच्चा, बड़ी बहन को आईफोन देने और उसे न मिलने से नाखुश था। बच्चे ने कहा कि बीते हफ्ते मम्मी ने अपना आईफोन बड़ी बहन (उससे 12 साल बड़ी) को दे दिया और खुद एंड्राइड मोबाइल खरीद लिया। बच्चे ने कहा कि उसे भी बहन के बराबर स्टेटस चाहिए था। गुस्सा होकर वो इंदौर अपनी मौसी के घर जाने वाला था।





















