Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ट्रंप का नया व्हाइट हाउस बॉलरूम! ड्रोन, मिसाइल और गोलियों से भी रहेगा सुरक्षित; 2,500 मेहमानों की क्षमता

ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बन रहे नए बॉलरूम को ड्रोन प्रूफ, मिसाइल प्रूफ और बुलेटप्रूफ बताया है। जानिए 50 फुट ऊंची छत, छत पर 100 से ज्यादा ड्रोन का पोर्ट, जमीन के नीचे 5 लेवल का निर्माण, 2,500 मेहमानों की क्षमता और ट्रंप के सभी दावे।
ट्रंप का नया व्हाइट हाउस बॉलरूम! ड्रोन, मिसाइल और गोलियों से भी रहेगा सुरक्षित; 2,500 मेहमानों की क्षमता
ट्रंप ने व्हाइट हाउस के नए बॉलरूम को ड्रोन प्रूफ, मिसाइल प्रूफ और बुलेटप्रूफ बताया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बन रहे नए बॉलरूम को ड्रोन प्रूफ, मिसाइल प्रूफ और बुलेटप्रूफ बताया है। उनका दावा है कि यह इमारत हर तरह के हमले को झेल सकती है और वाशिंगटन की सबसे सुरक्षित जगह होगी। पिछले बुधवार निर्माण स्थल पर अंतिम स्टील बीम लगाने के मौके पर उन्होंने यह बात कही। ट्रंप के मुताबिक काम तय समय से आगे चल रहा है और खर्च तय बजट से कम बैठ रहा है। यह इमारत सिर्फ पार्टियों के लिए नहीं, बल्कि दुनिया के बड़े नेताओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बन रही है।

क्या है ट्रंप का दावा?

ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा कि नए बॉलरूम की छत, दीवारें और खिड़कियां इस तरह बनाई जा रही हैं कि किसी भी संभावित हमले का सामना कर सकें। उन्होंने इसे ड्रोन प्रूफ, मिसाइल प्रूफ और बुलेटप्रूफ करार दिया।

US मिडटर्म में डेमोक्रेट्स की जीत के बाद ट्रंप ने दिखाया वीटो का दांव, जानिए कैसे काम करती है राष्ट्रपति की वीटो शक्ति

2,500 मेहमानों की मेजबानी की क्षमता

राष्ट्रपति के अनुसार, इस बॉलरूम में एक समय में 2,000 से 2,500 मेहमानों के लिए डिनर आयोजित हो सकेगा। यहां कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और अन्य शीर्ष नेताओं की मेजबानी भी की जा सकेगी। यानी बड़े राजकीय समारोहों के लिए व्हाइट हाउस को अब अलग इंतजाम नहीं करना पड़ेगा।

छत पर उतर सकेगा हेलीकॉप्टर, बनेगा ड्रोन पोर्ट

ट्रंप ने बताया कि छत इतनी मजबूत होगी कि उस पर हेलीकॉप्टर भी उतारा जा सकेगा। इसे ड्रोन पोर्ट के रूप में भी विकसित किया जा रहा है, जहां 100 से ज्यादा ड्रोन रखे जा सकेंगे। उनके मुताबिक छत इतनी दमदार बनाने का मकसद सिर्फ बारिश से बचाव नहीं है।

50 फुट से ऊंची छत, 5 मंजिला इमारत के बराबर

बॉलरूम की ऊंचाई 50 फुट से ज्यादा बताई गई है, जो लगभग पांच मंजिला इमारत के बराबर है। बाहर की तरफ कोरिंथियन शैली के ऊंचे चूना पत्थर के पिलर लगाए जा रहे हैं। अंदर संगमरमर का फर्श और बड़े आकार के शीशे लगेंगे। स्टील का ढांचा भी असाधारण रूप से मजबूत बताया गया है।

ट्रंप की डेमोक्रेट्स को चेतावनी, महाभियोग शुरू किया तो बर्बाद हो जाएगी आपकी पार्टी, बोले - मुझे कोई चिंता नहीं

जमीन के नीचे पांच लेवल का निर्माण

प्रोजेक्ट का विस्तार जमीन के पांच लेवल नीचे तक है। ट्रंप के अनुसार, अमेरिकी सेना को इस निर्माण में वे सुविधाएं शामिल करने का मौका मिला, जो वह दशकों से चाहती थी। उन्होंने कहा, हमने वह सब कुछ किया, जो सेना चाहती थी। हालांकि इन सुविधाओं का ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया गया है।

नया बॉलरूम क्यों बनाया जा रहा है?

ट्रंप का तर्क है कि व्हाइट हाउस का मौजूदा रिसेप्शन एरिया बड़े राजकीय आयोजनों के लिए छोटा पड़ता है। उन्होंने ब्रिटेन के राजा चार्ल्स की यात्रा का उदाहरण दिया, जब सैकड़ों मेहमानों से जुड़ी एक मांग पूरी करना संभव नहीं हो सका था। इसी जरूरत को देखते हुए बड़े हॉल की योजना बनी।

शीशे का गलियारा और जमीन के नीचे किचन

नए बॉलरूम को व्हाइट हाउस के मौजूदा हिस्सों से जोड़ने के लिए शीशे का गलियारा बनाया जाएगा। किचन मुख्य फ्लोर के नीचे रखा जाएगा, ताकि मेहमानों के लिए ज्यादा जगह मिले और इमारत की सुंदरता पर असर न पड़े।

चुनावी हार के बाद ट्रंप का अलग अंदाज! 41 मिनट तक बॉलरूम की तारीफ, फिर ईरान युद्ध पर दिया बयान

बॉलरूम का मतलब क्या है?

बॉलरूम एक बहुत बड़ा और सजा हुआ हॉल होता है, जहां नाच-गाने, पार्टी, डिनर और बड़े समारोह आयोजित किए जाते हैं। इसका फर्श आमतौर पर चिकना और मजबूत होता है, ताकि लोग आराम से डांस कर सकें। आप इसे शादी के बड़े बैंक्वेट हॉल जैसा समझ सकते हैं, लेकिन ज्यादा भव्य और शाही अंदाज वाला।

बॉलरूम नाम कहां से आया?

अंग्रेजी का शब्द बॉल यहां गेंद के लिए नहीं, बल्कि पुराने जमाने की नृत्य पार्टी के लिए इस्तेमाल होता है। यूरोप के राजा-महाराजा और अमीर परिवार ऐसी डांस पार्टियां रखते थे, जिन्हें बॉल कहा जाता था। जिस कमरे में यह आयोजन होता था, वही बॉलरूम कहलाया।

बॉलरूम में क्या-क्या होता है?

  • शाही डिनर और दावतें
  • डांस पार्टियां और संगीत कार्यक्रम
  • सरकारी और राजकीय समारोह
  • शादी, सम्मान समारोह और बड़े उत्सव
  • विदेशी मेहमानों और राष्ट्राध्यक्षों का स्वागत

बॉलरूम की खास पहचान

बॉलरूम की छत ऊंची होती है, दीवारों और छत पर सुंदर सजावट होती है और बीच में बड़े झूमर लगे होते हैं। फर्श अक्सर संगमरमर या लकड़ी का होता है। हॉल इतना खुला होता है कि सैकड़ों या हजारों लोग एक साथ आ सकें।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts