भिंड में दर्दनाक हादसा :दर्शन कर लौट रहे परिवार को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर; 3 साल के मासूम की मौत, 6 घायल

भिंड जिले के दंदरौआ धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ईको गाड़ी मंगलवार को सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में 6 लोग घायल हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल एक 3 वर्षीय मासूम बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह हादसा भितरवार क्षेत्र के जतर्थी गांव के पास हुआ, जहां श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी को पीछे से आए एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे खंती में पलट गई।
दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक ईको गाड़ी क्रमांक MP 07 CH 2866 प्रतिदिन भितरवार और आसपास के गांवों से श्रद्धालुओं को लेकर दंदरौआ धाम जाती है। मंगलवार सुबह भी वाहन श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर पहुंचा था।
दर्शन के बाद सभी लोग वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जतर्थी तिराहे के पास पीछे से आए अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के वक्त गाड़ी में करीब 10 लोग सवार थे।
यह भी पढ़ें: जबलपुर : घर से हाईकोर्ट तक जस्टिस की 3 किमी साइकल राइड, जबलपुर में दिखा पीएम मोदी की अपील का असर
एंबुलेंस देर से पहुंची, कांग्रेस कार्यकर्ता ने संभाला मोर्चा
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे कांग्रेस कार्यकर्ता रोहित कुशवाहा ने अपने साथियों के साथ राहत कार्य शुरू किया।
उन्होंने डायल 112 और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। इसके बाद रोहित कुशवाह ने खुद अपने वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की।
ग्वालियर में इलाज के दौरान मासूम ने तोड़ा दम
भितरवार अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल 3 वर्षीय हिमांशु धाकड़, दिव्या रजक और वृंदा बाथम को ग्वालियर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान मासूम हिमांशु धाकड़ ने दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। हादसे में घायल अन्य लोगों में दिव्या रजक, वृंदा बाथम, बीनू धाकड़, विनय धाकड़, गिरिशा बघेल और रामबाबू बघेल शामिल हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की बड़ी वजह हो सकती है।











