सियासत के ‘सम्राट’:पढ़ाई में अव्वल और राजनीति में माहिर, कौन हैं 'दादा' सुवेंदु अधिकारी?

पश्चिम बंगाल। विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस की हार हुई और पहली बार बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। नई सरकार शनिवार को ब्रिगेड में शपथ लेगी. शुक्रवार को बीजेपी विधायक दल की बैठक में बीजेपी के नेता सुवेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया है। इस तरह से सुवेंदु अधिकारी शनिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सुवेंदु अधिकारी बंगाल के पहले बीजेपी नेता होंगे, जो बंगाल में मुख्यमंत्री होंगे। राजनीतिक परिवार से जुड़े सुवेंदु अधिकारी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की थी और तृणमूल कांग्रेस से होते हुए वह बीजेपी में शामिल हुए और बंगाल में बीजेपी के विश्वासनीय चेहरों में से एक बन गये हैं और उन्होंने न केवल बंगाल में भाजपा का संगठन मजबूत करने में मदद की बल्कि ममता विरोधी चेहरा के रूप में भी उभरे और ममता बनर्जी को पहले नंदीग्राम में और इस चुनाव में भवानीपुर से पराजित किया।
राजनीतिक परिवार से सुवेंदु का है नाता
- सुवेंदु अधिकारी का जन्म 15 दिसंबर 1970 को पश्चिम बंगाल के करकुली में महिष्य क्षत्रिय परिवार में हुआ था। उनके पिता, शिशिर अधिकारी, पश्चिम बंगाल विधानसभा के साथ साथ लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं। सुवेंदु के भाइयों में से एक, सौमेंदु अधिकारी, कांथी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के चेयरमैन थे, जो अब 18वीं लोकसभा में कांथी लोकसभा सीट से चुने गए हैं। दिव्येंदु अधिकारी, जो 2019 में तमलुक सीट से लोकसभा के लिए चुने गए, उनके भाई भी हैं।
- सुवेंदु अधिकारी ने साल 2011 में रवींद्र भारती यूनिवर्सिटी से मास्टर ऑफ़ आर्ट्स की डिग्री हासिल की और वे अविवाहित हैं। सुवेंदु अधिकारी ने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1995 में कांथी म्युनिसिपैलिटी में कांग्रेस के पार्षद के रूप में की थी।
- 2006 में सुवेंदु अधिकारी कांथी दक्षिण सीट से विधायक चुने गये। वह उसी साल कांथी म्युनिसिपैलिटी के चेयरमैन भी बने।
नंदीग्राम आंदोलन से चमके
- 2007 में सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के नेतृत्व में नंदीग्राम में जमीन अधिग्रहण विरोधी आंदोलन को लीड किया। उन्होंने भूमि उच्छेद प्रतिरोध कमेटी का नेतृत्व किया। नंदीग्राम में अधिकारी की सफलता के बाद ममता बनर्जी ने उन्हें जंगल महल यानी पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया और बांकुड़ा जिलों का पार्टी का ऑब्जर्वर (इंचार्ज) बनाया, वह इन ज़िलों में पार्टी का बेस बढ़ाने में सफल रहे।
- 2009 में, वह तमलुक निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने गए. उन्होंने अपने सबसे करीबी विरोधी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट) के लक्ष्मण सेठ को लगभग 173,000 वोटों के अंतर से हराया।
- 2016 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में, नंदीग्राम चुनाव क्षेत्र में अधिकारी का मुकाबला लेफ्ट फ्रंट-इंडियन नेशनल कांग्रेस गठबंधन के अब्दुल कादिर शेख से था। उन्होंने तमलुक चुनाव क्षेत्र से सांसद के पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने 27 मई 2016 को ममता बनर्जी के दूसरे मंत्रालय में परिवहन मंत्री बने।
ये भी पढ़ें: Suvendu Adhikari: भवानीपुर या नंदीग्राम कौन सी सीट चुनेंगे सुवेंदु ?, बंगाल में कल सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण
भाजपा में एंट्री और बने पार्टी का चेहरा
- सुवेंदु अधिकारी ने 26 नवंबर 2020 को पश्चिम बंगाल सरकार के तहत एक कानूनी संस्था, हुगली रिवर ब्रिज कमीशन (HRBC) के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने 27 नवंबर 2020 को पश्चिम बंगाल के परिवहन के पद से भी इस्तीफा दे दिया और पार्टी से नेता तोड़ लिया।
- 19 दिसंबर 2020 को, वह होम मिनिस्टर अमित शाह की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। कहा जाता है कि अधिकारी का दल-बदल ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी के साथ टकराव की वजह से हुआ।
- उन्होंने 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम विधानसभा सीट पर पश्चिम बंगाल की मौजूदा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को 1,956 वोटों से हराया और बंगाल विधानसभा में बीजेपी विधायक दल के नेता बने।
- 2026 के पश्चिम बंगाल विधान सभा चुनावों में, सुवेंदु अधिकारी ने एक साथ नंदीग्राम के साथ साथ ममता बनर्जी की सीट भवानीपुर से भी चुनाव लड़ा और दोनों ही सीटों पर शानदार अंतर से जीत हासिल की और अब उन्हें बंगाल में बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया है और वह शनिवार को सीएम पद की शपथ लेंगे।
ये भी पढ़ें: सुवेंदु अधिकारी बने बंगाल के नए मुख्यमंत्री : विधायक दल के नेता चुने गए, अमित शाह ने गर्मजोशी से लगाया गले











