Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने गुपचुप रचाई शादी, 65 साल के पिनाकी मिश्रा बने जीवनसाथी, जर्मनी में लिए सात फेरे

Follow on Google News
TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने गुपचुप रचाई शादी, 65 साल के पिनाकी मिश्रा बने जीवनसाथी, जर्मनी में लिए सात फेरे
नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की चर्चित व मुखर सांसद महुआ मोइत्रा ने बीजू जनता दल (BJD) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद पिनाकी मिश्रा से 3 मई 2025 को जर्मनी में शादी कर ली है। यह शादी बेहद गोपनीय तरीके से एक निजी समारोह में संपन्न हुई, जिसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक दोनों नेताओं की ओर से नहीं की गई है।

शादी की वायरल तस्वीर में एक-दूसरे का हाथ थामे

शादी की खबर के साथ-साथ इन दोनों की एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे नजर आ रहे हैं। महुआ ने इस अवसर पर गोल्डन और पिंक रंग की साड़ी पहनी है और बेहद सादगीपूर्ण अंदाज में विवाह की रस्में निभाई गईं। हालांकि, इन दोनों की तरफ से अभी तक शादी को लेकर आधिकारिक बयान नहीं आया है।

कौन हैं महुआ मोइत्रा? इन्वेस्टमेंट बैंकर से बनीं फायरब्रांड सांसद

महुआ मोइत्रा का जन्म 12 अक्टूबर 1974 को असम में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इन्वेस्टमेंट बैंकर के रूप में की थी और बाद में राजनीति में कदम रखा। वर्ष 2010 में ममता बनर्जी की TMC में शामिल हुईं। 2019 में कृष्णानगर (पश्चिम बंगाल) से पहली बार सांसद चुनी गईं। 2024 में पुनः चुनाव जीतकर दूसरी बार लोकसभा पहुंचीं। संसद में उनके तेज-तर्रार भाषण, आक्रामक तेवर और अडानी प्रकरण पर बेबाक सवालों के चलते वह लगातार चर्चा में रहीं।

पिनाकी मिश्रा : 4 बार सांसद और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील

65 साल के पिनाकी मिश्रा अब महुआ मोइत्रा के जीवनसाथी हैं। वे बीजू जनता दल के वरिष्ठ नेता और अनुभवी सांसद रह चुके हैं। उनका जन्म 1959 में हुआ था। पहली बार 1996 में सांसद चुने गए थे। इसके बाद 2009 से 2019 तक पुरी (ओडिशा) से लोकसभा सदस्य रहे। पेशे से सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और कई हाई-प्रोफाइल संसदीय समितियों के सदस्य भी रह चुके हैं। लोकसभा वेबसाइट के अनुसार, पिनाकी मिश्रा की पहली शादी संगीता मिश्रा से हुई थी। पिनाकी और संगीता 16 जनवरी 1984 को शादी के बंधन में बंधे थे। इन दोनों के दो बच्चे भी हैं। अब पिनाकी ने महुआ मोइत्रा से विवाह कर लिया है, हालांकि उनकी पहली शादी को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई घोषणा नहीं हुई है।

महुआ का पहला कार्यकाल विवादों में घिरा रहा

  • उन पर आरोप लगे कि उन्होंने उद्योगपति गौतम अडानी पर सवाल एक प्रतिद्वंदी कारोबारी के कहने पर पूछे।
  • इसके चलते ‘कैश फॉर क्वैरी’ विवाद में फंस गईं।
  • लोकसभा की सदस्यता तक रद्द कर दी गई थी।
  • आरोप था कि उन्होंने अपने करीबी हीरानंदानी को संसद की लॉगिन आईडी और पासवर्ड तक दे दिए थे।
  • महुआ ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी और 2024 में दोबारा जीतकर संसद लौटीं।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts