3 Idiots का सीक्वल कन्फर्म!‘4 इडियट्स’ में दिखेगा AI और नई शिक्षा प्रणाली का सच, विकी कौशल की हो सकती है एंट्री

एंटरटेनमेंट डेस्क। भारतीय सिनेमा की कल्ट फिल्म ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। आमिर खान ने खुद इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी है, जिससे यह साफ हो गया है कि ‘इडियट्स’ की दुनिया एक बार फिर परदे पर लौटने वाली है। सोशल मीडिया पर इसे फिलहाल ‘4 इडियट्स’ के नाम से चर्चा मिल रही है और इंडस्ट्री में इसे 2026-27 के सबसे बड़े प्रोजेक्ट्स में गिना जा रहा है।
स्क्रिप्ट में 10-15 साल आगे की कहानी
निर्देशक राजकुमार हिरानी और लेखक अभिजात जोशी ने लंबे इंतजार के बाद कहानी को अंतिम रूप देने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। सीक्वल की कहानी पहली फिल्म के अंत के करीब 10 से 15 साल बाद की होगी, जहां रैंचो, फरहान और राजू की जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी होगी। कहानी इस बात को दिखाएगी कि सफलता के बाद भी नई चुनौतियां कैसे उन्हें फिर एक साथ लाती हैं और बदलते समय में शिक्षा व्यवस्था से उनका टकराव कैसे होता है। आमिर ने खुद स्वीकार किया है कि उन्होंने कहानी का नरेशन सुन लिया है और यह बेहद "अतरंगी और मजेदार" है।
विकी कौशल भी बन सकते हैं हिस्सा
फिल्म की कास्टिंग को लेकर सबसे ज्यादा उत्सुकता बनी हुई है। आमिर खान एक बार फिर रैंचो उर्फ फुंसुख वांगडू के किरदार में नजर आएंगे, यह लगभग तय हो चुका है। वहीं आर. माधवन और शरमन जोशी की वापसी को लेकर आधिकारिक घोषणा भले न हुई हो, लेकिन संकेत यही हैं कि ‘इडियट्स’ की यह तिकड़ी फिर साथ दिख सकती है, जिससे फिल्म की नॉस्टेल्जिक वैल्यू और बढ़ेगी। एक रिपोर्ट के अनुसार, तीनों अभिनेताओं ने एक साथ शूट करने के लिए अपनी दिलचस्पी दिखाई है। सीक्वल में सबसे बड़ा बदलाव ‘चौथे इडियट’ की एंट्री को लेकर बताया जा रहा है।
फिल्म गलियारों में चर्चा है कि राजकुमार हिरानी इस नई भूमिका के लिए विकी कौशल को कास्ट कर सकते हैं। विकी के जरिए फिल्म को एक नया और फ्रेश एंगल मिलेगा। करीना कपूर का भी वापस आना लगभग तय माना जा रहा है, जबकि मोना सिंह (मोना सहस्रबुद्धे) ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा कि उन्हें अभी तक आधिकारिक तौर पर संपर्क नहीं किया गया है, लेकिन वह इस यादगार सफर का हिस्सा बनने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
AI और आधुनिक शिक्षा पर फोकस
इस बार फिल्म का नाम '4 इडियट्स' रखने के पीछे की वजह भी काफी दिलचस्प बताई जा रही है। सूत्रों की मानें तो कहानी इस बार 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' (AI) और आधुनिक दौर की 'प्रेशर कुकर' वाली शिक्षा प्रणाली पर प्रहार करेगी। जहाँ पहली फिल्म ने इंजीनियरिंग के रट्टा-मार सिस्टम पर सवाल उठाए थे, वहीं सीक्वल इस बात पर केंद्रित हो सकता है कि कैसे डिजिटल दुनिया में 'मशीन' बनने की दौड़ ने इंसानी जज्बातों को पीछे छोड़ दिया है। हिरानी फिलहाल स्क्रिप्ट को अंतिम रूप दे रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 3 Idiots Sequel Confirm : रैंचो, राजू और फरहान फिर करेंगे एंटरटेन! आमिर खान का बड़ा खुलासा
हालांकि मेकर्स ने अभी तक टाइटल '4 इडियट्स' की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। उम्मीद जताई जा रही है कि इसकी शूटिंग 2026 के अंत या 2027 की शुरुआत में शुरू हो सकती है। फिलहाल आमिर खान अपने बेटे जुनैद खान की फिल्म ‘एक दिन' के प्रमोशन में व्यस्त थे, जिसके बाद वह अपनी पूरी एनर्जी ‘4 इडियट्स’ को देने वाले हैं।











