Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल : पुलिसकर्मी से मारपीट करने वाले तीनों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस, आरोपी बोले- पुलिस हमारी बाप है...

भोपाल : पुलिसकर्मी से मारपीट करने वाले तीनों आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस, आरोपी बोले- पुलिस हमारी बाप है...
भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात एक प्रधान आरक्षक के साथ शराब के नशे में बदसलूकी और मारपीट करने वाले तीन मुख्य आरोपियों को जीआरपी भोपाल ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला, जहां वे खुलेआम 'पुलिस हमारी बाप है, पुलिस पर हाथ उठाना पाप है' जैसे नारे लगाते दिखे। घटना के बाद पुलिस ने मामले में सांप्रदायिक उकसावे की कोशिश और सरकारी कर्मचारी पर हमले की धाराओं में केस दर्ज किया है।

महिला सहित कार में पी रहे थे शराब

यह घटना 26-27 अप्रैल की दरम्यानी रात करीब 1:30 बजे की है। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन की पार्किंग में एक काली स्कॉर्पियो कार में तीन युवक और एक महिला शराब पीते पाए गए। मौके पर मौजूद ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक नजर दौलत खान ने जब उन्हें टोका, तो आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए उन पर हमला कर दिया और वर्दी तक फाड़ डाली।

भीड़ का फायदा उठाकर भागे आरोपी

घटना के दौरान मौके पर मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर तीन में से दो आरोपी और महिला फरार हो गए, जबकि एक आरोपी जितेंद्र यादव को पुलिस ने तत्काल पकड़कर थाने भेज दिया। बाद में घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

भोपाल से पकड़े गए तीनों आरोपी

पुलिस अधीक्षक रेलवे राहुल कुमार लोढ़ा और उप पुलिस अधीक्षक बिट्टू शर्मा के नेतृत्व में जीआरपी की टीम ने आरोपियों की तलाश के लिए लांबाखेड़ा, करोंद, भानपुर और चौपड़ा जैसे इलाकों में सघन दबिश दी। मंगलवार को सभी आरोपी मनोहर डेरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिए गए। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त काली स्कॉर्पियो गाड़ी भी जब्त कर ली गई है।

भीड़ को भड़काने के लिए की सांप्रदायिक टिप्पणी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी दिलीप अहिरवार ने घटनास्थल पर भीड़ को उकसाने के इरादे से कहा कि तुम हट जाओ, तुम हिन्दू हो, ये पुलिस वाला मुसलमान है। पुलिस ने इस बयान को गंभीर मानते हुए भारतीय दंड संहिता की धारा 196 बीएनएस (धार्मिक भावनाएं भड़काने) को भी FIR में शामिल किया है। ये हैं आरोपी • दिलीप अहिरवार (35 वर्ष) — निवासी रुस्तमपुर, थाना निशातपुरा, भोपाल • उमर अली रजा (29 वर्ष) — निवासी पंचवटी फेस-2, कोहेफिजा, भोपाल • जितेंद्र यादव (32 वर्ष) — निवासी ग्राम सूलिया, थाना चौरई, जिला छिंदवाड़ा

पुलिस ने निकाला जुलूस

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस हबीबगंज इलाके में निकाला। इस दौरान आरोपियों को मीडिया और जनता के सामने लाया गया, जहां वे यह कहते सुने गए 'पुलिस हमारी बाप है, पुलिस पर हाथ उठाना पाप है।' ये भी पढ़ें- हिंदू छात्राओं से रेप के आरोपियों पर कोर्ट में हमला, पेशी के दौरान भगवा गमछा देख भड़के वकील, जमकर पीटा
Vaishnavi Mavar
By Vaishnavi Mavar

Latest Posts