PU Special :महिला आयोग में पत्नी ने मांगी पति से सुरक्षा, पति को बुलाया

भोपाल की एक महिला ने मप्र राज्य महिला आयोग में पति के खिलाफ शिकायत देकर दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि पति ने उसकी अनुमति के बिना निजी तस्वीरें और वीडियो बनाए और उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर मायके से दहेज लाने का दबाव बनाया।
महिला आयोग में पत्नी ने मांगी पति से सुरक्षा, पति को बुलाया

पल्लवी वाघेला, भोपाल। मप्र राज्य महिला आयोग में एक महिला ने पति के खिलाफ शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि पति दहेज की मांग पूरी कराने के लिए उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। इतना ही नहीं, पति ने उसकी जानकारी और अनुमति के बिना निजी तस्वीरें और वीडियो बनाए हैं। इन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर उस पर मायके से दहेज लाने का दबाव बनाया जा रहा है। मामले में आयोग ने पति को काउंसलिंग के लिए बुलाया है। आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों की काउंसलिंग की जाएगी। पक्षों की बात सुनने के बाद आवश्यकता के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

शादी के कुछ माह बाद शुरू हुआ विवाद

महिला ने आयोग में दिए आवेदन में बताया कि उसकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। शादी के शुरुआती तीन-चार महीने तक सब ठीक रहा, लेकिन इसके बाद पति और ससुराल पक्ष की ओर से दहेज को लेकर दबाव बनाया जाने लगा। महिला के अनुसार, वह और उसका पति भोपाल में अलग रहते हैं, इसके बावजूद ससुराल पक्ष की ओर से पति को दहेज के लिए उकसाया जाता रहा। आरोप है कि इसके बाद पति भी उसके साथ मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ना करने लगा।

ये भी पढ़ें: अब हाईकोर्ट की दूसरी बेंच में होगी सस्पेंड CSP नेहा पच्चीसिया की याचिका पर सुनवाई

निजी तस्वीरें और वीडियो बनाने का आरोप

महिला ने पति पर आरोप लगाया है कि उसने उसकी जानकारी और अनुमति के बिना कपड़े बदलते समय, नहाने के बाद और बाथरूम में उसकी तस्वीरें और वीडियो बनाए। महिला का आरोप है कि अब पति इन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने की धमकी देकर दहेज की मांग पूरी करने का दबाव बना रहा है। उसने यह भी आरोप लगाया कि पति उसे बदनाम करने और चरित्र पर सवाल उठाने की धमकी देता है।

भाई के मोबाइल पर तस्वीरें भेजने का आरोप

महिला ने आयोग को बताया कि वह फिलहाल मायके में रह रही है। उसके आरोप के मुताबिक, पति ने उसके भाई के मोबाइल नंबर पर उसकी निजी तस्वीरें भी भेजी हैं। महिला का कहना है कि वह अपना घर बचाना चाहती है, इसलिए पुलिस में शिकायत करने के बजाय महिला आयोग पहुंची है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने पति को उपस्थित होकर पक्ष रखने के लिए बुलाया है।

ये भी पढ़ें: Instagram की दोस्ती प्यार में बदली, 3 बच्चों को छोड़ सहेली के साथ रहने चली गई महिला; कानपुर से सामने आया अनोखा मामला

Devendra shakya
By Devendra shakya

Latest Posts