Guna News : नगरपालिका की जर्जर दुकान ढही, दुकानदार मलबे में दबा, महिला और बच्चे घायल

गुना। शहर के व्यस्त जयस्तंभ चौराहे के पास लक्ष्मीगंज स्थित इंडिया स्पोर्ट्स में बुधवार दोपहर उस समय अफरा‑तफरी मच गई, जब नगर पालिका के स्वामित्व वाली जर्जर दुकान की छत भरभरा कर नीचे आ गिरी।
ये हादसा करीब 1:10 बजे हुआ, जब अशोकनगर निवासी नैनकराम भील अपनी पत्नी ममता (35) और दो बेटों आर्यन (10) तथा अयनांश (6) के साथ क्रिकेट किट खरीद रहे थे। अचानक गिरी छत ने दुकानदार विक्की जैन को मलबे में दबा दिया, जबकि ममता और उनके दोनों बच्चे भी चोटिल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छत ढहते ही ममता ने 6 वर्षीय बेटे को आंचल में ढक लिया, जिससे बच्चे को खरोंच तक नहीं आई, लेकिन महिला के सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं।
रेस्क्यू कर दुकानदार को निकला बाहर
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और नगरपालिका की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे के रेस्क्यू के बाद विक्की जैन को सुरक्षित निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। तीनों घायलों का भी अस्पताल में उपचार जारी है। नगरपालिका अधिकारियों ने पुष्टि की कि यह दुकान लगभग 50 वर्ष पुराने कॉम्प्लेक्स में स्थित है, जिसे जर्जर घोषित कर खाली करने का नोटिस पहले ही जारी किया जा चुका था, पर व्यावहारिक कार्रवाई नहीं हो सकी।





















