इसलिए तो उन्हें 'पप्पू' कहते हैं… राहुल गांधी पर भड़के CM डॉ. मोहन यादव, कहा- जिसकी जैसी बुद्धि होती है, वैसी वह बात करता है

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कथित विवादित बयान ने राजनीतिक भूचाल ला दिया है। राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदर्भ में कथित तौर पर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जिक्र करते हुए की गई टिप्पणी पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राहुल के बयान को 'अपरिपक्वता और बुद्धिहीनता' का उदाहरण बताया।
आखिर वह परिपक्व कब होंगे?
पीएम मोदी को लेकर दिए बयान पर कहा कि राहुल को इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। इसीलिए उन्हें ‘पप्पू’ कहा जाता है। उनके व्यवहार और रवैये से पता चलता है कि वे अभी परिपक्व नहीं हुए हैं। सीएम ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष के नेता जिस तरह से मर्यादा को ताक पर रखकर बोलते हैं। इससे न केवल उनकी प्रतिष्ठा धूमिल हो रही है, बल्कि हमारे देश की संस्कृति के भी खिलाफ जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी ने जो शब्द इस्तेमाल किए हैं, वे उनकी तुच्छता को दर्शाते हैं। मैं उनकी कड़ी निंदा करता हूं।
राहुल गांधी की भाषा बौद्धिक स्तर को दर्शाती है : सीएम
सीएम डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, राहुल गांधी ने जो भाषा प्रधानमंत्री के लिए इस्तेमाल की, वह न केवल उनके बौद्धिक स्तर को दर्शाती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि वे अपने पद की गरिमा को समझ नहीं पाए हैं। नेता प्रतिपक्ष का पद अत्यंत जिम्मेदारी वाला होता है, लेकिन गांधी का रवैया मर्यादा और संस्कारों के विरुद्ध है। उन्होंने आगे कहा, मध्यप्रदेश की धरती पर इस तरह की बातें कोई भी बर्दाश्त नहीं करेगा। श्री गांधी को माफी मांगनी चाहिए। वे कब परिपक्व होंगे? उनके बयान सुनकर उनकी पार्टी के लोग तालियां बजाते हैं, लेकिन यह कांग्रेस के लिए घातक है।





















