Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर-श्यामपुर सड़क की बदहाली पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, फूल-माला चढ़ाकर दी श्रद्धांजलि

सीहोर-श्यामपुर मार्ग की बदहाली पर कांग्रेस ने अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। पंकज शर्मा के नेतृत्व में सड़क को फूल-माला चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी और एमपीआरडीसी पर भ्रष्टाचार तथा मौतों का जिम्मेदार ठहराया।
सीहोर-श्यामपुर सड़क की बदहाली पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, फूल-माला चढ़ाकर दी श्रद्धांजलि
सड़क पर गड्ढे या भ्रष्टाचार के गहरे जख्म! कांग्रेस ने एमपीआरडीसी को ठहराया मौतों का जिम्मेदार, दी श्रद्धांजलि

सीहोर। सीहोर-श्यामपुर सड़क की जर्जर हालत को लेकर कांग्रेस ने रविवार शाम अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क को मृत घोषित कर उस पर फूल-मालाएं चढ़ाईं, पुष्प अर्पित किए और अगरबत्ती जलाकर दो मिनट का मौन रखा। पार्टी ने सड़क की बदहाली के लिए मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC) के जिम्मेदारों पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप लगाए। कांग्रेस का कहना है कि सड़क की खराब हालत अब लोगों की जान के लिए खतरा बन चुकी है।

निर्माण के एक महीने बाद ही उखड़ने लगी सड़क

जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीहोर-श्यामपुर मार्ग पर प्रदर्शन किया। पंकज शर्मा ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के समय एफडीआर तकनीक के जरिए गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ सड़क बनाने के दावे किए गए थे, लेकिन निर्माण के महज एक महीने बाद ही सड़क जगह-जगह से उखड़ने लगी। उनका कहना है कि आज सड़क पर गहरे गड्ढे और उखड़ी निर्माण सामग्री वाहन चालकों के लिए परेशानी और दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। निर्माण के समय किए गए दावों और मौजूदा स्थिति को लेकर कांग्रेस ने जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

सड़क की बदहाली को लेकर MPRDC पर लगाए आरोप

प्रदर्शन के दौरान पंकज शर्मा ने सड़क की दुर्दशा को कथित भ्रष्टाचार और लापरवाही का नतीजा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया और इसकी कीमत आम लोगों को चुकानी पड़ रही है। कांग्रेस ने पूरे निर्माण कार्य और सड़क की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही, मामले में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

गड्ढे में बाइक का पहिया जाने से बुजुर्ग महिला की मौत

कांग्रेस ने हाल ही में इसी मार्ग पर हुए एक हादसे का मुद्दा भी उठाया। पंकज शर्मा के मुताबिक, चार दिन पहले सड़क के एक बड़े गड्ढे में बाइक का पहिया जाने से दुर्घटना हुई थी, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उन्होंने दावा किया कि सड़क की खराब हालत के कारण पहले भी कई लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि सड़क की बदहाली के चलते होने वाले हादसों की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?

Breaking News

'चांद पर भी इतने गड्ढे नहीं होंगे'

सड़क की स्थिति पर तंज कसते हुए पंकज शर्मा ने कहा कि सीहोर-श्यामपुर मार्ग पर इतने गड्ढे हो गए हैं कि शायद चांद पर भी इतने गड्ढे नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि इस सड़क पर वाहन चलाना जोखिम भरा हो गया है और लोग हर दिन दुर्घटना के खतरे के बीच सफर करने को मजबूर हैं।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज करेगी कांग्रेस

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सड़क की बदहाली और कथित भ्रष्टाचार के मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। पार्टी ने दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शन में पूर्व पार्षद प्रतिनिधि सतीश दरोठिया, कांग्रेस नेता आसिफ अंसारी, राजेश रैकवाल, विवेक टांक, आर्यन भैरवे सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts