सिंगरौली में रेत उत्खनन का विरोध करने पर आदिवासी युवक की मौत, ट्रैक्टर से कुचलने का आरोप

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में अवैध रेत उत्खनन का विरोध करना एक आदिवासी युवक को भारी पड़ गया। बैढ़न कोतवाली थाना क्षेत्र की खुटार चौकी अंतर्गत ग्राम निमिहवांडाड़ बिहरा में रविवार शाम खेत से रेत निकालने के विवाद में 36 वर्षीय अरुण रावत की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने युवक पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है।
खेत से रेत निकालने का विरोध करने पर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, अरुण रावत पिता छोटेलाल रावत अपने खेत से कथित तौर पर अवैध रूप से रेत निकाले जाने का विरोध कर रहा था। इसी बात को लेकर उसका सुनील कुमार पटेल पिता बनारसी पटेल से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सुनील पटेल ने अरुण पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इस घटना में अरुण की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रविवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है।
अवैध रेत कारोबार और निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों ने जिले में कथित तौर पर जारी अवैध रेत उत्खनन और खनिज विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने खुटार चौकी पुलिस की भूमिका को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। इस वारदात के बाद क्षेत्र में रेत के अवैध कारोबार पर कार्रवाई और उसकी निगरानी को लेकर प्रशासन की जवाबदेही पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
DGP कार्यालय के तबादला आदेश को लेकर भी सवाल
मामले में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि खुटार चौकी प्रभारी का उप निरीक्षक रहते हुए ही भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय से तबादला हो चुका था। आरोप है कि उन्हें सिंगरौली जिले से कार्यमुक्त करने के बजाय पुलिस अधीक्षक ने खुटार चौकी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप दी। इस दावे के सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय के आदेश और स्थानीय स्तर पर की गई तैनाती को लेकर सवाल उठ रहे हैं।




















