Tamil Nadu :तमिलनाडु में सीएम विजय ने किया मंत्रिमंडल का बंटवारा, जानें अपने पास काैन सा मंत्रालय रखा

तमिलनाडु में सी जोसेफ विजय के नेतृत्व में बनी टीवीके सरकार ने एक अहम प्रशासनिक कदम उठाते हुए मंत्रियों के बीच विभागों का औपचारिक बंटवारा कर दिया है। शनिवार को जारी सूची में कुल 10 मंत्रियों को अलग-अलग मंत्रालयों की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि मुख्यमंत्री विजय ने खुद अपने पास सबसे ज्यादा और सबसे महत्वपूर्ण विभाग रखकर प्रशासन पर अपनी मजबूत पकड़ का संकेत दिया है।
मुख्यमंत्री विजय ने अपने पास रखे सबसे अहम विभाग
सी जोसेफ विजय ने जिन मंत्रालयों की जिम्मेदारी अपने पास रखी है, उनमें सबसे प्रमुख गृह विभाग शामिल है। इसके अलावा उन्होंने सामान्य प्रशासन, लोक प्रशासन, पुलिस, आईएएस, आईपीएस, आईएफएस, जिला प्रशासन और राजस्व से जुड़े विभाग भी अपने पास रखे हैं। इसके साथ ही उन्होंने महिला कल्याण, युवा कल्याण, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगों के कल्याण जैसे सामाजिक विभागों की जिम्मेदारी भी खुद संभाली है। नगर प्रशासन और शहरी जल आपूर्ति जैसे अहम विभाग भी सीधे मुख्यमंत्री के अधीन रहेंगे।
10 मंत्रियों को मिली अलग-अलग जिम्मेदारियां
मुख्यमंत्री के अलावा सरकार में शामिल अन्य मंत्रियों को भी विभाग सौंप दिए गए हैं। एन. आनंद को ग्रामीण विकास और जल संसाधन मंत्रालय दिया गया है। आधव अर्जुना को लोक निर्माण और खेल विकास विभाग की जिम्मेदारी मिली है। डॉ. के.जी. अरुणराज को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं के.ए. सेंगोट्टैयन को वित्त मंत्रालय सौंपा गया है। पी. वेंकटरामनन को खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग मिला है। आर. निर्मलकुमार को ऊर्जा संसाधन और कानून मंत्रालय दिया गया है। राजमोहन को स्कूली शिक्षा, तमिल विकास और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. टी.के. प्रभु को प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय मिला है, जबकि सेल्वी एस. कीर्तनाः को उद्योग मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार गठन के बाद तेज हुआ प्रशासनिक एक्शन
सीएम विजय की सरकार ने 10 मई को शपथ लेने के बाद से ही तेजी से फैसले लेने शुरू कर दिए थे। इससे पहले भी प्रशासनिक स्तर पर कई बदलाव किए गए और अधिकारियों के तबादले भी हुए थे। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनता की शिकायतों का समाधान तुरंत किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विश्वास मत के बाद मजबूत हुई सरकार
सी जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार ने विधानसभा में 140 से अधिक विधायकों का समर्थन हासिल कर विश्वास मत जीत लिया था। हालांकि पार्टी अकेले बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाई थी, लेकिन विभिन्न दलों और बागी विधायकों के समर्थन से सरकार को स्थिरता मिली। टीवीके ने चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य में सबसे बड़ी पार्टी का दर्जा हासिल किया था, जिसके बाद गठबंधन सरकार का गठन संभव हो पाया।
ये भी पढ़ें: अहमदाबाद में ICC की हाई-प्रोफाइल बैठक… मोहसिन नकवी को न्योता, भारत दौरे पर टिकी सबकी नजर
गठबंधन से मिली सरकार को मजबूती
सरकार गठन के बाद सीएम विजय ने छोटे दलों और अन्य सहयोगियों से समर्थन की अपील की थी। इसके बाद आईयूएमएल, सीपीआई, सीपीएम और कांग्रेस जैसे दलों के साथ-साथ एआईएडीएमके के कुछ बागी विधायकों ने भी समर्थन दिया। इन सभी के समर्थन से सरकार ने विधानसभा में बहुमत साबित किया और सत्ता की स्थिति मजबूत की।












