AAP सांसद स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल के खिलाफ किया प्रदर्शन, घर के बाहर कूड़ा फेंका, पुलिस ने हिरासत में लिया

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने गुरुवार को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर विरोध स्वरूप कूड़ा फेंका, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। मालीवाल और उनके सहयोगियों ने विकासपुरी में सड़कों से कूड़ा उठाया, उसे तीन मिनी ट्रकों में भरा और फिरोजशाह रोड पर केजरीवाल के घर पहुंचे। उन्होंने वहां जमीन पर कूड़ा फेंका, जिसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका और वहां से हटा दिया।
हिरासत में लिए जाने के बाद स्वाति मालीवाल ने कहा कि आज पूरी दिल्ली कूड़ादान बन गई है, आज मैं यहां केजरीवाल से मिलने और पूछने आई हूं कि दिल्ली कूड़ा कहां फेंके?
3 गाड़ियों में कूड़ा भरकर पहुंची थीं मालीवाल
दरअसल, राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल आज विकासपुरी से 3 गाड़ियों में कूड़ा भरकर आम आदमी पार्टी के नेशनल कन्वीनर अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर पहुंची थी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में सफाई व्यवस्था मुहैया कराने में विफल रही है, इसलिए अब वह अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर कूड़ा फेंक रही है। उन्होंने फावड़ा उठाया और वहीं सारे कचरे गिराने लगी। इसी दौरान दिल्ली पुलिस की महिला पुलिसकर्मी स्वाति को कूड़ा फेंकने से मना करते हुए रोकती है। स्वाति मालिवाल के नहीं मानने पर उन्हें हिरासत में लेकर उठाकर थाने ले गई। देखें वीडियो...





















