
कोर्ट ने अपराध की गंभीरता को जमानत से ऊपर रखा। सज्जन कुमार पहले से कई मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। स्वास्थ्य और उम्र के आधार पर दी गई दलीलें अदालत को संतोषजनक नहीं लगीं। फैसले से पीड़ित परिवारों को कुछ हद तक राहत मिली है।
सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह मामला साधारण नहीं बल्कि गंभीर अपराधों से जुड़ा हुआ है, जिसमें निर्दोष लोगों की जान गई थी। अदालत ने कहा कि ऐसे मामलों में राहत देने से न्याय प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और इससे समाज में गलत संदेश जा सकता है। सज्जन कुमार ने अपनी उम्र और बिगड़ती सेहत का हवाला देकर अंतरिम जमानत की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने इन कारणों को पर्याप्त नहीं माना। अदालत ने यह भी कहा कि उनकी अपील पर अंतिम निर्णय अभी लंबित है, इसलिए फिलहाल उन्हें जेल में ही रहना होगा। इस फैसले ने साफ कर दिया कि गंभीर अपराधों में सख्ती बरती जाएगी और कानून के सामने सभी समान हैं।
ये भी पढ़ें: खंडवा में नकली घी का बड़ा भंडाफोड़: चर्बी से बन रहा था घी, छापे में ड्रम और कनस्तर जब्त
दिल्ली हाई कोर्ट ने साल 2018 में पालम कॉलोनी में हुई हत्या के मामले में सज्जन कुमार को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसके अलावा वर्ष 2025 में सरस्वती विहार से जुड़े एक अन्य मामले में भी उन्हें आजीवन कारावास दिया गया था, जिसमें हिंसा और हत्या की साजिश के आरोप साबित हुए थे। इन मामलों में अदालत ने माना कि ये घटनाएं प्री प्लान थीं और उनका असर समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा था। वर्तमान में सज्जन कुमार इन सजाओं के तहत जेल में हैं और उनकी अपील सुप्रीम कोर्टमें विचाराधीन है। लंबे समय से चल रही न्यायिक प्रक्रिया अब भी जारी है और अंतिम फैसला आना बाकी है।
1984 सिख विरोधी दंगे देश के इतिहास की सबसे दर्दनाक घटनाओं में शामिल हैं, जिनकी गूंज आज भी सुनाई देती है। इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भड़की हिंसा में हजारों सिखों की जान गई थी और कई परिवार हमेशा के लिए बिखर गए थे। इन दंगों के बाद वर्षों तक जांच और न्याय की प्रक्रिया चलती रही, जिसमें कई मामलों में देरी भी हुई। पीड़ित परिवार लगातार न्याय की मांग करते रहे हैं और हर फैसले को उम्मीद के साथ देखते हैं। सुप्रीम कोर्ट के इस ताजा फैसले ने एक बार फिर उस दर्दनाक दौर की यादें ताजा कर दी हैं।
सज्जन कुमार भारतीय राजनीति में कभी एक चर्चित नाम रहे हैं और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में उनकी गिनती होती थी। हालांकि, उनकी पहचान का एक बड़ा हिस्सा 1984 सिख विरोधी दंगे से जुड़े मामलों और उनमें हुई सजा से भी जुड़ गया है। राजनीतिक करियर की बात करें तो वे बाहरी दिल्ली लोकसभा सीट से 1980, 1991 और 2004 में सांसद चुने गए थे। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत एक पार्षद के रूप में की और बाद में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव भी रहे। दिसंबर 2018 में दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा उम्रकैद की सजा सुनाए जाने के बाद उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।