ग्वालियर:उधारी के ₹20 हजार बने मौत की वजह, युवक की चाकू मारकर हत्या; बचाने आई मां पर भी किया हमला

शहर के मुरार थाना क्षेत्र में महज 20 हजार रुपए के लेनदेन को लेकर एक युवक की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बेटे को बचाने पहुंची मां पर भी हमलावरों ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

घर बुलाकर शुरू की मारपीट
घटना बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे की है। मुरार के बंशीपुरा इलाके स्थित हाथीखाना क्षेत्र में रहने वाला 21 वर्षीय मोनू राजे मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि उसका गोलू कटारे और नवीन कटारे से 20 हजार रुपए का लेनदेन चल रहा था। मोनू ने आरोपियों से कहा था कि उसके माता-पिता गांव गए हुए हैं और उनके लौटने के बाद वह उधारी चुका देगा। इसी बात को लेकर बुधवार दोपहर गोलू कटारे, नवीन कटारे और उनकी बहन रजनी मोनू के घर पहुंच गए। आरोपियों ने घर के बाहर गाली-गलौज शुरू कर दी और मोनू को बाहर बुलाया। जैसे ही मोनू बाहर आया, आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान गोलू ने चाकू निकालकर मोनू के पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
बेटे की चीख सुनकर बाहर दौड़ी मां
बेटे की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां सुनीता राजे घर से बाहर दौड़ीं। उन्होंने बीच-बचाव कर बेटे को बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में मां और बेटा दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें: इंदौर: महिला बाल विकास विभाग के जेडी के ठिकानों पर लोकायुक्त की दबिश, आय से 241 प्रतिशत अधिक संपत्ति मिली
छत पर था पिता, नीचे आकर देखा खून से लथपथ परिवार
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय मोनू के पिता अशोक राजे घर की छत पर थे। शोर सुनकर जब वे नीचे पहुंचे तो पत्नी और बेटा खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। पड़ोसियों की मदद से दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी मां की हालत गंभीर होने पर उन्हें जेएएच अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सगे भाई-बहन पर हत्या का केस
पुलिस ने मामले में गोलू कटारे, नवीन कटारे और उनकी बहन रजनी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद तीनों आरोपी अपने घरों में ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
ये भी पढ़ें: OpenAI लाएगी IPO! ChatGPT बनाने वाली कंपनी ने SEC के पास दाखिल किए गोपनीय दस्तावेज
पुलिस बोली- आरोपियों की तलाश जारी
मुरार सर्किल के सीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि लेनदेन के विवाद में युवक की हत्या हुई है। मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। वहीं घायल महिला की हालत अब खतरे से बाहर है।












