Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सांची में सजेगा अंतरराष्ट्रीय संस्कृति और कला का मंच, श्रीलंका-जापान के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां, पहले दिन सायली कांबले बांधेंगी गीतों से समां

रायसेन जिले के सांची में 28 और 29 नवंबर को दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव का होगा आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रीलंका और जापान के कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। प्रसिद्ध गायिका सायली कांबले भक्ति एवं बौद्ध गीतों से समां बांधेंगी। साथ ही बुद्ध के जीवन पर होगी नृत्य-नाटिका और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन भी होगा।
सांची में सजेगा अंतरराष्ट्रीय संस्कृति और कला का मंच, श्रीलंका-जापान के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां, पहले दिन सायली कांबले बांधेंगी गीतों से समां
फाइल फोटो

रायसेन/सांची। विश्व धरोहर नगरी सांची एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक और आध्यात्मिक गतिविधियों की साक्षी बनने जा रही है। भगवान बुद्ध की शांति, करुणा, मैत्री और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 28 एवं 29 नवंबर को दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में श्रीलंका और जापान के कलाकार अपनी पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। वहीं मुंबई की प्रसिद्ध गायिका सायली कांबले अपनी सुमधुर आवाज में भक्ति एवं बौद्ध गायन की प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक संध्या को विशेष बनाएंगी। महोत्सव का आयोजन बुद्ध जन्मभूमि पार्क (पुराना विश्राम भवन परिसर) में प्रतिदिन शाम 6:30 बजे से किया जाएगा। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन रायसेन एवं महाबोधि सोसायटी ऑफ श्रीलंका के सहयोग से आयोजित इस महोत्सव में बौद्ध दर्शन, कला, संगीत, नृत्य और साहित्य का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

पहले दिन श्रीलंका के कलाकारों के साथ सायली कांबले की प्रस्तुति 

28 नवंबर को महोत्सव का शुभारंभ श्रीलंका के कलाकारों की लोकनृत्य एवं गायन प्रस्तुतियों के साथ होगा। इसके साथ ही भोपाल के पंचशील सांस्कृतिक मंच द्वारा अशोक पाटिल के निर्देशन में नृत्य एवं गायन की विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मुंबई की प्रसिद्ध गायिका सायली कांबले एवं उनका समूह बौद्ध और भक्ति गीतों की प्रस्तुति देंगे। पहले दिन की सांस्कृतिक संध्या में आध्यात्मिकता के साथ भारतीय एवं विदेशी लोककलाओं की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी।

दूसरे दिन बुद्ध के जीवन पर नृत्य-नाटिका और कवि सम्मेलन 

29 नवंबर को महोत्सव के दूसरे दिन श्रीलंका और जापान के कलाकार लोकनृत्य एवं गायन की प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा भगवान बुद्ध की शिक्षाओं पर आधारित जातक कथा 'वृत्तिनाशक' पर विशेष नृत्य-नाटिका का मंचन किया जाएगा। भोपाल की चिल्ड्रन्स थिएटर अकादमी के कलाकार नृत्य और नाट्य के माध्यम से भगवान बुद्ध के जीवन मूल्यों, उनके विचारों और मानवीय संवेदनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करेंगे। दूसरे दिन कार्यक्रम का विशेष आकर्षण अखिल भारतीय कवि सम्मेलन भी रहेगा। इसमें देश के विभिन्न शहरों से आए ख्यातिप्राप्त कवि अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे। कवि सम्मेलन में कोटा के जगदीश सोलंकी, आगरा की ममता शर्मा, वाराणसी की अंकिता सिंह, लखनऊ के प्रख्यात मिश्रा, प्रयागराज के विनम्र सेन सिंह, दिल्ली के धर्मवीर धरम, रायसेन के लक्ष्मण नेपाली और ग्वालियर के रविन्द्र शर्मा काव्य पाठ करेंगे।

ये भी पढ़ें: अंतरराष्ट्रीय सांची महोत्सव 28 और 29 नवंबर को; देश-विदेश से आएंगे श्रद्धालु, भगवान बुद्ध केे शिष्यों के अस्थि कलश के होंगे दर्शन

विश्व धरोहर नगरी की अंतरराष्ट्रीय पहचान को मिलेगी नई ऊंचाई 

महाबोधि महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन ही नहीं, बल्कि भगवान बुद्ध के शांति, करुणा, मैत्री और मानवता के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। श्रीलंका और जापान जैसे बौद्ध परंपरा से जुड़े देशों के कलाकारों की सहभागिता से सांची की अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होगी। दो दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देश-विदेश की सांस्कृतिक विरासत, भारतीय लोककलाओं, बौद्ध दर्शन और साहित्य की विविध रंगत देखने को मिलेगी। महोत्सव के माध्यम से सांची आने वाले पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को कला एवं संस्कृति के साथ भगवान बुद्ध के जीवन दर्शन को करीब से जानने और समझने का अवसर मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय कलाकारों, प्रसिद्ध गायिका और देश के ख्यातिप्राप्त कवियों की मौजूदगी इस वर्ष के महाबोधि महोत्सव को खास बनाने जा रही है।

ये भी पढ़ें: सड़क पर बनी इस लकीर के दोनों तरफ रखा कदम, क्या सच में बदल जाता है मौसम?

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...

Latest Posts