लंदन। पश्चिमी एशिया में तनाव और होर्मुज़ जलडमरूमध्य से एनर्जी सप्लाई में बाधा के बावजूद, ईरान को छोड़कर खाड़ी क्षेत्र के देशों से कच्चे तेल की शिपमेंट युद्ध से पहले के स्तर पर लौट आई है। इसका मुख्य कारण है कि देशों ने इस भीड़-भाड़ वाले समुद्री मार्ग से टैंकरों के जरिए तेल भेजने पर अपनी निर्भरता कम कर दी है। समुद्री इंटेलिजेंस और रिसर्च कंपनी Kpler के डेटा के मुताबिक, 1 से 28 सितंबर के बीच इस क्षेत्र से रोजाना कम से कम 16.5 मिलियन बैरल कच्चा तेल एक्सपोर्ट किया गया। यह युद्ध-पूर्व के औसत के बराबर है। बता दें कि मार्च में पश्चिमी एशिया में युद्ध के चरम के दौरान यह आंकड़ा गिरकर 10.5 मिलियन बैरल प्रतिदिन रह गया था।
83 प्रतिशत हिस्सा गुजरता था होमुर्ज से
रिपोर्ट के अनुसार, युद्ध से पहले इस क्षेत्र के कुल कच्चे तेल का 83% हिस्सा होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता था। युद्ध के बाद सितंबर में 40% तेल सऊदी अरब और UAE में पाइपलाइनों के जरिए इस संवेदनशील रूट को बायपास करके एक्सपोर्ट किया गया। Kpler में ग्लोबल क्रूड और जियोपॉलिटिकल मार्केट डेटा के हेड इमैनुएल बेलोस्ट्रिनो ने अपने विश्लेषण में बताया कि होर्मुज से गुजरने वाले शेष 60% तेल में से अधिकांश को शटल टैंकरों के माध्यम से ले जाया।
सऊदी-UAE की पाइपलाइन ने संभाला मोर्चा
Kpler के ग्लोबल क्रूड हेड इमैनुएल बेलोस्ट्रिनो के मुताबिक, अगस्त में होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले 70% से अधिक कच्चे तेल ने ओमान की खाड़ी में शिप-टू-शिप ट्रांसफर के जरिए टैंकर बदले थे। दूसरे वैकल्पिक रास्तों से आए क्रूड ने इस कमी की भरपाई की। रिपोर्ट में कहा गया है कि हालांकि होर्मुज से गुजरने वाले क्रूड की मात्रा अभी भी युद्ध-पूर्व स्तर से एक-चौथाई कम है, लेकिन वैकल्पिक मार्गों से जाने वाली मात्रा दोगुनी से ज्यादा हो गई है और इसने लगभग पूरी कमी को पूरा कर दिया है।
पाइप लाइन से तेल लोडिंग बढ़ी
सऊदी अरब ने यानबू तक ईस्ट-वेस्ट पाइपलाइन के जरिए अधिक क्रूड भेजा, जहां लोडिंग युद्ध से पहले के 0.8 मिलियन बैरल प्रतिदिन से बढ़कर जून में 4.3 मिलियन बैरल प्रतिदिन हो गई। वहीं UAE ने अबू धाबी क्रूड ऑयल पाइपलाइन के जरिए फुजैराह तक क्रूड पहुंचाया। यहां लोडिंग 1.1 mbd से बढ़कर 2.7 mbd हो गई।
तेल रिजर्व से 325 मिलियन बैरल रिलीज
इंटरनेशनल एनर्जी एजेंसी (IEA) ने बताया कि सदस्य देशों ने मार्च में किए गए 400 मिलियन बैरल के वादे में से स्ट्रैटेजिक रिजर्व से अब तक 325 मिलियन बैरल कच्चा तेल और पेट्रोलियम उत्पाद जारी किए हैं।