दिल्ली की सड़कों से धूल हटाएंगी मशीनें, AI और सेंसर से होगी निगरानी

नई दिल्ली। फरवरी 2027 तक 60 और मशीनें शामिल करने की योजना है, जिसके बाद निगम के पास कुल 136 मशीनों का बेड़ा होगा। इसके जरिए रोजाना साफ होने वाली सड़कों की लंबाई 2100 किलोमीटर से बढ़ाकर 5000 किलोमीटर करने का लक्ष्य रखा गया है।
दिल्ली में 10 नई मशीनों को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, महापौर प्रवेश वाही और निगम अधिकारियों ने सिविक सेंटर से पहली खेप की मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन मशीनों को दिल्ली के सभी 12 नगर निगम जोन में तैनात किया जाएगा, ताकि सड़कों पर जमा धूल को हटाया जा सके।
ये भी पढ़ें: दिल्ली के गांधी नगर मार्केट में कपड़े की दुकान और गोदाम में भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची
फरवरी 2027 तक आएंगी 60 और मशीनें
नगर निगम के मैकेनिकल रोड स्वीपिंग बेड़े में अब 77 मशीनें हो गई हैं। बाकी 60 मशीनें फरवरी 2027 तक अलग-अलग चरणों में शामिल की जानी हैं, जिसके बाद कुल संख्या 136 हो जाएगी। निगम का लक्ष्य रोजाना साफ होने वाली सड़क की लंबाई मौजूदा 2100 किलोमीटर से बढ़ाकर 5000 किलोमीटर करना है।
AI और सेंसर से होगी मशीनों के काम की निगरानी
नई मशीनों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सेंसर आधारित तकनीक लगाई गई है। केंद्रीय कंट्रोल रूम से यह पता लगाया जा सकेगा कि कौन सी मशीन कहां काम कर रही है, उसने कितने घंटे काम किया, कितनी दूरी तय की और कितनी धूल जमा की। इससे मशीनों की तैनाती और उनके वास्तविक काम का रिकॉर्ड रखा जा सकेगा।
एक शिफ्ट में 40 किलोमीटर सफाई का लक्ष्य
नगर निगम के मुताबिक, प्रत्येक नई मशीन से एक शिफ्ट में कम से कम 40 किलोमीटर सड़क की सफाई कराने का लक्ष्य है। अभी उपलब्ध 66 मशीनें रोजाना करीब 2100 किलोमीटर लेन लंबाई की सफाई कर रही हैं। नई मशीनों की तैनाती पूरी होने के बाद रोजाना 5000 किलोमीटर लेन लंबाई साफ करने की क्षमता विकसित करने की योजना है।
इलेक्ट्रिक और CNG मशीनों से होगी सफाई
परियोजना के तहत 55 इलेक्ट्रिक और 15 सीएनजी मशीनें शामिल होनी हैं। नई खेप में नौ इलेक्ट्रिक और एक सीएनजी मशीन शामिल है। इलेक्ट्रिक मशीन की क्षमता दो घन मीटर, जबकि सीएनजी मशीन की क्षमता चार घन मीटर से अधिक बताई गई है। इनके रखरखाव के लिए 10 साल की व्यवस्था की गई है। पहली खेप के साथ पांच वाटर टैंकर और चार डस्ट सप्रेशन वाहन भी लगाए गए हैं।
पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण आपूर्ति में आई मुश्किल
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि मशीनों को मंगाने की प्रक्रिया आसान नहीं रही। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण इनकी आपूर्ति के लिए हवाई मार्ग का सहारा लेना पड़ा और मशीनों को लाने की प्रक्रिया भी जटिल हुई। मुख्यमंत्री ने सड़क की धूल को प्रदूषण की बड़ी वजह बताते हुए तकनीक और निगरानी व्यवस्था पर जोर दिया। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी कहा कि सरकार का लक्ष्य बेहतर तकनीक और निगरानी के जरिए सड़कों की धूल पर नियंत्रण करना है।




















