तंजानिया की युवती को नौकरी का झांसा देकर भोपाल बुलाया; फ्लैट में बंधक बनाकर किया दुष्कर्म, देह व्यापार में धकलने की भी कोशिश

भोपाल। विदेश में बेहतर भविष्य और हर महीने 10 लाख रुपये वेतन वाली नौकरी का सपना दिखाकर तंजानिया की एक युवती को भारत बुलाया गया। यहां पहुंचने पर उसे होटल में नौकरी दिलाने के बजाय देह व्यापार के धंधे में धकेलने की कोशिश शुरू हो गई। आरोप है कि युगांडा की एक महिला और गाम्बिया निवासी उसका साथी युवती को ग्राहकों के पास भेजने के लिए दबाव बनाते रहे। इसके लिए उसे मुंबई और इंदौर समेत दूसरे शहरों में भी ले जाया गया। युवती ने जब इस काम से साफ इनकार कर दिया तो दोनों उसे भोपाल ले आए और कोलार स्थित फ्लैट में बंधक बनाकर ज्यादती कर मारपीट की गई। तीन दिन तक फ्लैट से आती चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया की दोस्ती को बनाया भारत बुलाने का जरिया
कोलार पुलिस के मुताबिक, 25 वर्षीय तंजानियाई युवती की सोशल मीडिया के जरिए युगांडा निवासी 35 वर्षीय अमिदा नहबारा उर्फ सेरी से पहचान हुई थी। अमिदा ने खुद को होटल इंडस्ट्री से जुड़ा बताते हुए युवती को भारत में नौकरी दिलाने का प्रस्ताव दिया। उसने हर महीने 10 लाख रुपये वेतन मिलने की बात कही। अच्छे रोजगार और कमाई के लालच में युवती अक्टूबर 2026 में भारत आ गई। अमिदा कोलार क्षेत्र के एक फ्लैट में रहती है और हेयरस्टाइलिस्ट का काम करती है। उसके साथ गाम्बिया निवासी 32 वर्षीय सेर्नो बल्हेड उर्फ अबू भी रहता है, जो एलएनसीटी कॉलेज में बीकॉम का छात्र बताया गया है।
ये भी पढ़ें: पटना में यूट्यूबर आर्यन केल्विन के कार्यक्रम के बाद पथराव: कई पुलिसकर्मी घायल
नौकरी के बजाय ग्राहकों के पास भेजने की तैयारी
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, भारत आने के बाद युवती को होटल में काम दिलाने के बजाय देह व्यापार के लिए मजबूर किया जाने लगा। अमिदा और सेर्नो उसे होटलों में ग्राहकों के पास भेजने का दबाव बना रहे थे। इस सिलसिले में दोनों उसे मुंबई, इंदौर सहित कई शहरों में भी लेकर गए। युवती ने उनकी मंशा का विरोध किया और इस तरह का काम करने से मना कर दिया। इसके बाद उसे भोपाल लाकर कोलार के फ्लैट में बंद कर दिया गया। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई। सेर्नो पर युवती के साथ ज्यादती करने का आरोप भी है। पीड़िता के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए हैं।
पड़ोसियों की सतर्कता से खुला मामला
फ्लैट से लगातार तीन दिन तक मारपीट और युवती के चीखने की आवाजें सुनाई देने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। शुक्रवार को उन्होंने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवती फ्लैट में बंद मिली। उसे बाहर निकालकर सुरक्षा दी गई। शनिवार को पुलिस ने अमिदा और सेर्नो के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। पीड़िता अंग्रेजी नहीं बोल पाती है, जिसके कारण उसके विस्तृत बयान दर्ज करने में परेशानी आ रही है। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को नोटिस देकर छोड़ा है और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। युवती के बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: NDPS केस में हाईकोर्ट ने कहा - अपराध कितना भी गंभीर हो, नाबालिग की जमानत नहीं रोक सकते




















