पंजाब को दहलाने की कोशिश नाकाम : लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, IED और हथियारों के साथ जम्मू कश्मीर के दो आतंकी गिरफ्तार

अमृतसर। पुलिस ने त्योहारों के दौरान शहर में अशांति फैलाने की साजिश को नाकाम कर दिया है। अमृतसर पुलिस ने केंद्रीय एजेंसी के साथ एक संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के मॉड्यूल का पर्दाफाश करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। डीजीपी गौरव यादव ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि, दोनों जम्मू-कश्मीर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
संदिग्धों के पास से क्या-क्या बरामद?
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार संदिग्धों के पास से दो इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED), दो हथगोले, एक पिस्तौल, दो मैगजीन, 24 जिंदा कारतूस, एक टाइमर स्विच, आठ डेटोनेटर और चार बैटरियां बरामद की गई हैं। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर इसके बारे में जानकारी दी है।




















