Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दक्षिण अफ्रीका में भीषण सड़क हादसा : पुल से नीचे गिरी बस, 45 लोगों की हुई मौत; राहत-बचाव कार्य जारी

दक्षिण अफ्रीका में भीषण सड़क हादसा : पुल से नीचे गिरी बस, 45 लोगों की हुई मौत; राहत-बचाव कार्य जारी
लिम्पोपो। दक्षिण अफ्रीका में गुरुवार को ईस्टर उत्सव के लिए मुसाफिरों को लेकर जा रही बस एक पहाड़ी दर्रे पर बने पुल से नीचे गिर गई और उसमें आग लग गई। हादसे में करीब 45 लोगों की मौत हो गई। उत्तरी लिम्पोपो प्रांत के प्राधिकारियों ने बताया कि हादसे में केवल आठ साल का एक बच्चा जीवित बचा है जिसका इलाज चल रहा है। उसे गंभीर चोट आई हैं।

164 फुट नीचे खाई में गिरी बस

लिम्पोपो प्रांतीय सरकार ने बताया कि, बस ममातलकाला पुल से 164 फुट नीचे खाई में गिर गई जिसके बाद उसमें आग लग गई। प्रांतीय सरकार ने बताया कि, तलाश अभियान जारी है लेकिन कई शव इतने बुरी तरह जल गए हैं कि उनकी पहचान कर पाना मुश्किल हो गया है। बस पड़ोसी देश बोत्सवाना से मोरिया शहर जा रही थी जो मशहूर ईस्टर तीर्थस्थल है। उनके मुताबिक ऐसा लगता है कि बस के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। जिसके बाद बस पुल पर लगे अवरोधकों से टकरा गई। घटना में बस अनियंत्रित होकर पुल से पलट गई और उसमें आग लग गई। हादसे में चालक की भी मौत हो गई।

परिवहन मंत्री ने किया दुर्घटनास्थल का दौरा

राष्ट्रीय परिवहन विभाग ने बताया कि, परिवहन मंत्री सिंडिसिवे चिकुंगा एक सड़क सुरक्षा अभियान के लिए लिम्पोपो प्रांत में मौजूद थीं और उन्होंने दुर्घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है, इसके साथ ही उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। मंत्री ने 'हर समय सतर्कता के साथ जिम्मेदारी पूर्वक ड्राइविंग' का आग्रह किया।

पिछले साल ईस्टर के दौरान हुई थी 200 लोगों की मौत

दक्षिण अफ्रीका की सरकार ईस्टर की छुट्टियों के दौरान सड़क दुर्घटनाओं के खतरे से अक्सर आगाह करती रहती है, क्योंकि यह सड़क यात्रा के लिए व्यस्त और खतरनाक समय होता है। पिछले साल ईस्टर सप्ताहांत के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। ये भी पढ़ें- भारत के ऐतराज के बावजूद बाज नहीं आ रहा अमेरिका : पहले केजरीवाल की गिरफ्तारी का मुद्दा, फिर कांग्रेस के फ्रीज बैंक खाते… बोला- हम अपने स्टैंड पर कायम, निष्पक्ष जांच हो
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts