सोहागपुर: जीरो लार्वा अभियान को लेकर आयोजित हुई कार्यशाला, एसडीएम ने दिए सख्त निर्देश

सोहागपुर। एसडीएम ने प्रत्येक रविवार को नगरीय वार्डों और ग्राम पंचायतों में संयुक्त भ्रमण के निर्देश दिए। मलेरिया और डेंगू की रोकथाम के लिए स्वच्छता और जन-जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया। कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी दी।
प्रत्येक रविवार को संयुक्त भ्रमण के निर्देश
एसडीएम डॉक्टर बबीता राठौर ने प्रत्येक रविवार को अनुभाग के समस्त नगरीय वार्डों और ग्राम पंचायतों में आशा कार्यकर्ता, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को संयुक्त रूप से भ्रमण कर लार्वा की पहचान और उसे नष्ट करने की आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने अपने घरों के आसपास पानी जमा न होने देने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील आमजन से करते हुए कहा कि मलेरिया और डेंगू जैसी मच्छर जनित बीमारियों की प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करने के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है।
स्वास्थ्य कर्मियों को दिया प्रशिक्षण
एसडीएम की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला को जिला मलेरिया अधिकारी अरुण श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। उन्होंने कार्यशाला में मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों को अभियान की रूपरेखा, उद्देश्य और प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने समस्त एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और आशा सुपरवाइजरों को मलेरिया की रोकथाम, लार्वा स्रोतों की पहचान, लार्वा नष्ट करने की कार्यवाही और जन-जागरूकता के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण और दिशा-निर्देश भी दिए।
समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश
बैठक में एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों और मैदानी अमले को समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव की स्थिति समाप्त करने और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य मच्छर जनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
महाकाल दर्शन के दौरान श्रद्धालु की कार से लाखों का सामान चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
स्वास्थ्य विभाग का विशेष जागरूकता अभियान
इस दौरान बीएमओ डॉ. रेखा सिंह गौर, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं आशा सुपरवाइजर मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि जीरो लार्वा अभियान स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय निकायों द्वारा चलाया जाने वाला एक विशेष स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान है, जिसका मुख्य उद्देश्य डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित (वेक्टर-जनित) बीमारियों की रोकथाम करना है। बारिश के दौरान और उसके बाद जल-जमाव के कारण मच्छरों का प्रजनन तेजी से बढ़ता है, जिसे रोकने के लिए यह अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जाता है।
Edited By: Rohit Sharma












