सोहागपुर:रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म-2 की बढ़ेगी ऊंचाई, डिस्प्ले बोर्ड और कोच गाइडेंस सिस्टम लगेंगे

सोहागपुर। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा प्लेटफार्म क्रमांक-2 की ऊंचाई बढ़ाने और कोच डिस्प्ले बोर्ड लगाने की मांग की जा रही थी। विभिन्न सामाजिक और व्यापारी संगठनों ने इस संबंध में कई बार ज्ञापन भी सौंपे थे। अब दोनों कार्यों को स्वीकृति मिलने से यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार फिलहाल टेंडर से पहले डिटेल एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है।
लंबे समय से उठ रही थी मांग
कई ट्रेनों के स्टॉपेज के साथ प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाने और डिस्प्ले बोर्ड लगाने की मांग क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। नागरिक संघर्ष समिति, व्यापारी संघ, अप-डाउनर एसोसिएशन, केएमजे समाज कल्याण समिति, स्वराज क्लब सहित कई संगठनों ने इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपे थे। हाल ही में स्वराज क्लब के अध्यक्ष जलज शर्मा के नेतृत्व में युवाओं ने भी स्टेशन अधीक्षक को ज्ञापन दिया था।
यात्रियों को होती थी परेशानी
सोहागपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म क्रमांक-2 की ऊंचाई कम होने के कारण ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान कई बुजुर्ग यात्री दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। वहीं, कोच की सही जानकारी नहीं मिलने से महिला, बच्चे और बुजुर्ग यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में दोनों कार्य पूरे होने के बाद यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
रेलवे ने टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी होने की कही बात
सीनियर डीसीएम जबलपुर डिवीजन मधुर वर्मा ने बताया कि सोहागपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म क्रमांक-2 की ऊंचाई बढ़ाने और कोच गाइडेंस के लिए डिस्प्ले बोर्ड लगाने के काम स्वीकृत हैं, लेकिन अभी टेंडर नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इसके लिए डिटेल एस्टीमेट बनाने का काम चल रहा है और इसके बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
Edited By : Rohit Sharma












