Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पन्ना:टाइगर रिजर्व में संदिग्ध हालात में नर बाघ की मौत, जहर देने की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व के किशनगढ़ कोर क्षेत्र में वयस्क नर बाघ का शव मिला। भैंस के शव के पास मिलने से जहर देकर मारने की आशंका, वन विभाग ने पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच शुरू की।
टाइगर रिजर्व में संदिग्ध हालात में नर बाघ की मौत, जहर देने की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
AI Generated Image

मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व के किशनगढ़ कोर क्षेत्र में शनिवार को एक वयस्क नर बाघ का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। फिलहाल बाघ की मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है लेकिन घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जहर देकर मारने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत की असली वजह पोस्टमार्टम तथा फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

किशनगढ़ कोर क्षेत्र में मिला बाघ का शव

पन्ना टाइगर रिजर्व के किशनगढ़ कोर क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे वन विभाग को बाघ के शव की सूचना मिली। सूचना मिलते ही टाइगर रिजर्व के उप संचालक वीरेंद्र पटेल अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल दुर्गम इलाके में होने के कारण जांच में विशेष सावधानी बरती गई।

ये भी पढ़ें: हैदराबाद में रहस्यमयी घटना! नग्न होकर मंदिर पहुंची सॉफ्टवेयर इंजीनियर, देवी की मूर्ति लेकर भागी... फिर तालाब में मिली लाश

वन विभाग बोला- पहली नजर में प्राकृतिक मौत, जांच जारी

उप संचालक वीरेंद्र पटेल ने बताया कि बाघ का शव सुरक्षित अवस्था में मिला है। पहली नजर में मामला प्राकृतिक मौत का प्रतीत होता है लेकिन वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। वन विभाग ने सभी जरूरी सैंपल सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिए हैं।

भैंस के शव से बढ़ा जहर देने का संदेह

सूत्रों के मुताबिक मृत बाघ के पास ही एक भैंस का शव भी मिला है जिसका शिकार बाघ ने किया था। आशंका जताई जा रही है कि भैंस के शव में किसी ने जहर मिला दिया था। उसी मांस को खाने से बाघ की मौत हो सकती है। हालांकि वन विभाग ने अभी इस संभावना की पुष्टि नहीं की है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: CG NEWS: रायपुर में स्कूल बसों की बड़ी जांच, 200 से ज्यादा बसें और ड्राइवर की पुलिस रखेगी निगरानी

बाघों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

पन्ना टाइगर रिजर्व में पिछले कुछ समय से वन्यजीवों के शिकार और बाघों की संदिग्ध मौत के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में एक और बाघ की संदिग्ध मौत ने टाइगर रिजर्व की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जहर देने की आशंका सही साबित होती है, तो यह वन्यजीव संरक्षण के लिए गंभीर चिंता का विषय होगा। वन विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा। यदि किसी प्रकार की साजिश या शिकार की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts