इंदौर में फिर गैंगस्टर्स की दस्तक! पुर्तगाल से आया फिरौती का फोन, 10 करोड़ दो वरना गोली मार देंगे

इंदौर - शहर के एक ट्रांसपोर्ट कारोबारी को निशाना बनाया गया है। इस बार धमकी देने वाले ने खुद को गैंगस्टर रोहित गोदारा का हैंडलर सागरसिंह शेखावत बताया और कारोबारी से सीधे 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांग ली। आरोपी ने पुर्तगाल के अंतरराष्ट्रीय मोबाइल नंबरों से लगातार चार दिनों तक कॉल किए। रकम नहीं देने पर गोली मारने और घर से अगवा करने की खौफनाक चेतावनी दी गई। कारोबारी ने धमकी भरे कॉल की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी है। क्राइम ब्रांच की विशेष जांच टीम (SIT) ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: एनकाउंटर में हिस्ट्रीशीटर रतन शेख ढेर, पुलिस पर चलाई थी गोली
चार दिन तक विदेशी नंबरों से बजता रहा फोन, हर कॉल के साथ बढ़ता गया खौफ
मामला लसूड़िया थाना क्षेत्र की सिंगापुर टाउनशिप का है। यहां रहने वाले 45 वर्षीय संजय भूरिया देवास नाका पर ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते हैं। संजय के मुताबिक, पिछले चार दिनों से उनके मोबाइल पर लगातार अंतरराष्ट्रीय नंबरों से फोन आ रहे थे। कॉल करने वाला व्यक्ति खुद को रोहित गोदारा का हैंडलर सागरसिंह शेखावत बताकर धमका रहा था। आरोपी ने साफ कहा कि 10 करोड़ रुपए की व्यवस्था करो, वरना जान से हाथ धोना पड़ेगा। धमकी देने वाले ने गोली मारने के साथ घर से अगवा करने की बात भी कही। यहां तक कि पुलिस में शिकायत करने पर भी गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी गई। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान संजय ने आखिरकार डीसीपी (क्राइम) राजेश त्रिपाठी के सामने पूरा मामला रखा। उन्होंने कॉल रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंप दी।
ये भी पढ़ें: ICC ने किया 2035 तक का क्रिकेट कैलेंडर जारी: जानें भारत को कौन से दो बड़े टूर्नामेंट की मिली मेजबानी
पुर्तगाल के नंबर से कॉल, VPN के पीछे छिपा हो सकता है धमकीबाज
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कारोबारी को धमकी देने के लिए पुर्तगाल के अंतरराष्ट्रीय नंबरों का इस्तेमाल किया गया। जांच एजेंसियों को आशंका है कि आरोपी ने वीपीएन नेटवर्क के जरिए अपनी वास्तविक लोकेशन और डिजिटल पहचान छिपाने की कोशिश की होगी। अब पुलिस कॉल डिटेल, मोबाइल नंबरों और रिकॉर्डिंग के आधार पर धमकी देने वाले की पहचान करने में जुटी है।
ये भी पढ़ें: PU Special : एमपी पुलिस के आरक्षकों को मिल सकती है हायर रैंक, पीएचक्यू में पहले दौर की बातचीत पूरी
कौन है रोहित गोदारा, जिसके नाम पर मांगी जा रही करोड़ों की फिरौती?
रोहित गोदारा का असली नाम रावतराम स्वामी बताया जाता है। वह राजस्थान के बीकानेर जिले के लूणकरण गांव का रहने वाला है। अपराध की दुनिया में आने से पहले वह इलेक्ट्रिशियन और मैकेनिक का काम करता था। वर्ष 2010 के आसपास उसने आपराधिक गतिविधियों में कदम रखा और धीरे-धीरे राजस्थान के संगठित अपराध नेटवर्क में अपनी जगह बना ली।बताया जाता है कि वह पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करता था। राजस्थान में जबरन वसूली और टारगेट किलिंग से जुड़े नेटवर्क में उसकी भूमिका होने के आरोप हैं। उसके खिलाफ 50 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भी उसे मोस्ट वांटेड अपराधियों में शामिल कर चुकी है।
ये भी पढ़ें: कटनी के बाबा और छपरवाह घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, छठ व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया संध्या अर्घ्य
गोगामेड़ी हत्याकांड से सलमान खान फायरिंग तक चर्चा में रहा नाम
रोहित गोदारा का नाम कई चर्चित आपराधिक घटनाओं में सामने आ चुका है। दिसंबर 2023 में जयपुर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रोहित गोदारा का नाम सामने आया था। गैंगस्टर राजू ठेहट हत्याकांड में भी उसका नाम जुड़ा।अप्रैल 2024 में अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा भी रोहित गोदारा की ओर से किया गया था। इसके अलावा पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जुड़े घटनाक्रमों में भी उसका नाम सामने आया है। दिल्ली के ग्रेटर कैलाश में जिम संचालक नादिर शाह की हत्या के मामले में भी उसने जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।
ये भी पढ़ें: हरदा में नर्मदांचल युवक-युवती परिचय सम्मेलन की तैयारियां तेज, प्रचार-प्रसार और संपर्क अभियान पर जोर
फर्जी पासपोर्ट से विदेश भागा, अब विदेशी नेटवर्क से चलाने का आरोप
जांच एजेंसियों के मुताबिक, रोहित गोदारा ने पवन कुमार के नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाकर जून 2022 में भारत छोड़ा था। वह दुबई पहुंचा और बाद में विदेश चला गया। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने की जानकारी भी सामने आई है। विदेश में रहते हुए भी उसके नाम पर भारत में कारोबारियों को धमकाने और करोड़ों की रंगदारी मांगने के आरोप लगते रहे हैं।
ये भी पढ़ें: PU Special : 28 महीने में 9 रुपए महंगा हुआ 'सांची' दूध, NDDB ने संभाला काम, फिर भी उपभोक्ताओं की जेब पर बढ़ा बोझ
कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद दूसरी बड़ी चुनौती
इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद अब 10 करोड़ रुपए की फिरौती का मामला सामने आने से पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।अब क्राइम ब्रांच की एसआईटी यह पता लगाने में जुटी है कि संजय भूरिया को धमकी देने वाला वास्तव में रोहित गोदारा के नेटवर्क से जुड़ा है या किसी दूसरे गिरोह ने उसके नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने और करोड़ों रुपए वसूलने की कोशिश की है।




















