PU Special :एमपी पुलिस के आरक्षकों को मिल सकती है हायर रैंक, पीएचक्यू में पहले दौर की बातचीत पूरी

विजय एस गौर, भोपाल। इस व्यवस्था से जिला पुलिस बल के करीब 12 से 15 हजार आरक्षकों को प्रधान आरक्षक और SAF के 2 से 3 हजार जवानों को उच्च पद का प्रभार मिल सकता है। माना जा रहा है कि अगले छह महीने में प्रस्ताव का मसौदा तैयार कर मंजूरी के लिए राज्य शासन को भेजा जा सकता है।
पहली बार सीनियर आरक्षकों को हायर रैंक देने की तैयारी
मध्यप्रदेश में पहली बार सीनियर हो चुके आरक्षकों को हायर रैंक देने की प्रक्रिया पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए पुलिस मुख्यालय में डेढ़ दर्जन सीनियर IPS अफसरों के बीच पहले दौर की चर्चा हो चुकी है। इसमें आरक्षकों को उच्च पद का प्रभार देने की प्रक्रिया और विभागीय व्यवस्था पर पड़ने वाले असर को लेकर बात हुई।
ये भी पढ़ें: Chattisgarh: पुलिस प्रमोशन पर बिलासपुर हाईकोर्ट की रोक, प्रमोशन प्रक्रिया जारी लेकिन नियुक्ति पर रोक
कानूनी पहलुओं और विभागीय संरचना पर हुई चर्चा
पुलिस मुख्यालय में हुई बैठक के दौरान इस व्यवस्था के कानूनी पहलुओं और विभागीय संरचना पर पड़ने वाले प्रभाव पर भी विचार किया गया। चर्चा में सामने आए सवालों और समस्याओं के समाधान के साथ दूसरे दौर की बातचीत के लिए भी रूपरेखा तय की गई है। माना जा रहा है कि छह महीने के भीतर प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया जाएगा।
जिला बल और SAF के जवानों को मिलेगा फायदा
प्रस्ताव लागू होने पर जिला पुलिस बल के करीब 12 से 15 हजार आरक्षकों को प्रधान आरक्षक का प्रभार मिल सकता है। वहीं, विशेष सशस्त्र बल के करीब 2 से 3 हजार जवानों को भी उच्च पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है। यह व्यवस्था कार्यवाहक प्रभार की तर्ज पर लागू करने पर विचार किया जा रहा है।
ट्रैफिक संभालने के लिए SAF जवानों पर भी विचार
यातायात पुलिस में स्वीकृत बल के मुकाबले करीब ढाई हजार जवानों की कमी है। इस कमी को पूरा करने के लिए SAF के जवानों को ट्रैफिक संभालने की जिम्मेदारी देने पर भी शुरुआती स्तर पर विचार हुआ है, हालांकि इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। शुरुआती प्रस्ताव के मुताबिक, SAF के मौजूदा 22 हजार जवानों में से करीब 5 हजार को ट्रैफिक की ट्रेनिंग देकर भोपाल, इंदौर सहित बड़े शहरों में तैनात किया जा सकता है।
जरूरत पड़ने पर बटालियन में वापस बुलाए जाएंगे जवान
इस व्यवस्था का उद्देश्य यातायात व्यवस्था संभालने के साथ आपात स्थिति में जवानों की उपलब्धता बनाए रखना है। जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक में तैनात SAF जवानों को तत्काल वापस बटालियन में बुलाकर कानून-व्यवस्था की ड्यूटी पर लगाया जा सकेगा। फिलहाल इस प्रस्ताव पर शुरुआती स्तर पर विचार चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया वैचारिक स्तर पर है प्रस्ताव
स्पेशल डीजी आदर्श कटियार ने बताया कि कार्यवाहक प्रभार की तर्ज पर आरक्षकों को उच्च पद का प्रभार देने पर विचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभी वैचारिक स्तर पर है और प्रस्ताव अंतिम होने पर इसका मसौदा राज्य शासन को भेजा जाएगा। वहीं, एडीजी SAF डी. श्रीनिवास वर्मा ने बताया कि नियमित पदोन्नति शुरू होने के बाद कार्यवाहक प्रक्रिया बंद हो गई है, इसलिए अब सीनियर जिला बल और SAF जवानों को हायर रैंक देने पर विचार किया जा रहा है, जिससे वित्तीय भार भी नहीं आएगा।
पदोन्नति और भर्ती के आंकड़े
वर्ष 2026 के अनुसार, मध्यप्रदेश पुलिस बल में करीब 60 हजार आरक्षक हैं। इनमें से 12,928 आरक्षक पदोन्नत होकर प्रधान आरक्षक बने हैं, जबकि 5,171 प्रधान आरक्षक पदोन्नति पाकर सहायक उपनिरीक्षक बने हैं। इसके अलावा 8,500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है, जिसमें जिला बल और SAF शामिल हैं। SAF की 22 बटालियनों में करीब 22 हजार जवान तैनात हैं।




















