PU Special :पुरुष हेल्पलाइन ने डिप्रेशन से बचाया, भोपाल में 49 समेत प्रदेश के 252 पुरुषों ने छोड़ा आत्महत्या का इरादा

पल्लवी वाघेला, भोपाल। मर्द को दर्द नहीं होता... समाज की यह सोच अब बदल रही है। पारिवारिक विवाद, सामाजिक बदनामी, झूठे मुकदमों और बच्चों से दूरी जैसी परेशानियों से जूझ रहे पुरुष भी मानसिक तनाव और अवसाद का शिकार हो रहे हैं। यही नहीं, उनमें सुसाइड टेंडेंसी भी तेजी से बढ़ रही है। हालांकि, इन पुरुषों के लिए हेल्पलाइन उम्मीद की किरण बनकर उभरी है। मध्यप्रदेश में पुरुष हेल्पलाइन नंबर 9425400999 और 8882498498 की मदद से पिछले दस माह में 252 पुरुषों को आत्महत्या करने से बचाया गया है। इनमें भोपाल के 49 पुरुष शामिल हैं। वहीं, इस अवधि में प्रदेशभर से करीब 23 हजार पुरुषों ने अलग-अलग तरह की समस्याओं को लेकर हेल्पलाइन पर मदद मांगी।
पिछले साल हेल्पलाइन पर 21 हजार से ज्यादा पुरुषों ने मांगी थी मदद
काउंसलिंग, मानसिक संबल और कानूनी सलाह के जरिए इन पुरुषों को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। बता दें, पिछले साल भोपाल में यह आंकड़ा 41 और प्रदेश में 212 मामले थे। वहीं, हेल्पलाइन पर मप्र से कुल 21,130 लोगों ने मदद मांगी थी। बढ़ते हुए यह आंकड़े बताते हैं कि पुरुषों की मानसिक परेशानियों को समझने और समय पर मदद पहुंचाने की जरूरत लगातार बढ़ रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर करती थी बदनाम
इंदौर के व्यक्ति ने हेल्पलाइन पर संपर्क कर बताया कि पत्नी आए दिन कार्यालय पहुंचकर विवाद करती है और सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर उसे बदनाम करती है। छोटे भाई-बहन की शादी भी नहीं हो पा रही। उसे लग रहा है कि वह सुसाइड कर ले तो शायद परिवार को इस परेशानी से मुक्ति मिल पाएगी। हेल्पलाइन पर उसकी काउंसलिंग की गई। उसे परिवार और बुजुर्ग माता-पिता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का अहसास कराया गया। विधिक उपाय भी सुझाए गए। उसका आत्मविश्वास लौटा और वह अवसाद से बाहर निकलकर अपना केस मजबूती से लड़ रहा है।
पत्नी ने घर से निकाला, बच्चों से भी नहीं मिलने दिया
भोपाल के मामले में युवक ने बताया कि पत्नी उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित करती थी। घर पत्नी के नाम पर था, जिससे उसे निकाल दिया गया है। पत्नी उसे दोनों बच्चों से भी मिलने नहीं देती और उनके मन में जहर भरती है। 31 वर्षीय युवक ने कहा कि इस अपमान से परेशान होकर आत्महत्या का मन करता है। हेल्पलाइन द्वारा तीन माह तक काउंसलिंग की गई। साथ ही बताया गया कि वह बच्चों की कस्टडी के लिए किस तरह प्रयास कर सकता है। उसे कानूनी सलाह भी उपलब्ध कराई गई, जिससे उसे मानसिक रूप से संभलने में मदद मिली।
सामने आ रही यह वजह
हेल्पलाइन पर आने वाले मामलों में पारिवारिक कलह सबसे प्रमुख वजहों में शामिल है। कई पुरुषों ने पत्नी की ओर से सोशल मीडिया पर बदनाम करने वाली पोस्ट डालने, झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की शिकायत की है। वहीं, कुछ पुरुष बच्चों से दूर होने और लंबे समय तक चलने वाली कानूनी लड़ाई के कारण अवसाद में पहुंच रहे हैं। प्रदेश में सुसाइड टेंडेंसी से बाहर निकाले गए 252 पुरुषों की बात करें तो इनमें से 96 ने कहा कि सोशल मीडिया पर बदनामी के बाद, 66 ने झूठे केस से परेशान होकर, 31 ने पिटाई और अन्य शारीरिक प्रताड़ना और 59 पुरुषों में बच्चों और परिवार से दूरी के कारण सुसाइड की भावना जागी। बता दें, प्रदेश में इंदौर से पुरुषों ने सबसे अधिक कॉल किए। इसके बाद जबलपुर, भोपाल, ग्वालियर, सतना जिले शामिल हैं।
देश में भी स्थिति गंभीर
हेल्पलाइन से मिली जानकारी के अनुसार इस साल पुरे देश से भी हेल्पलाइन पर कुल सवा तीन लाख कॉल्स मदद के लिए पहुंचे हैं। वहीं, एनसीआरबी की 6 मई को जारी रिपोर्ट के अनुसार देश में साल 2024 में 1,25,449 पुरुषों ने आत्महत्या की, जबकि महिलाओं की संख्या इस दौरान 45,245 थी। सुसाइड के मामले में मप्र देश में तीसरे स्थान पर है और यहां कुल 15,491 लोगों ने आत्महत्या की। इसमें 61 प्रतिशत विवाहित पुरुष शामिल थे। आंकड़ों के मुताबिक, बीते पांच वर्षों में आत्महत्या के प्रमुख कारणों में पारिवारिक कलह सबसे आगे रही।
प्रदेश में आत्महत्या के प्रमुख कारण
- पारिवारिक कलह – 35.7 प्रतिशत
- बीमारी – 17.4 प्रतिशत
- करियर संबंधी परेशानी – 10.8 प्रतिशत
- प्रेम प्रसंग, नशे की लत और अन्य कारण – 36.1 प्रतिशत
(आंकड़े एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार)
ये भी पढ़ें: PU Special : भोपाल में ढाई साल की बेटी ने तुड़वाई तलाक की जिद, 'पापा' कहकर थामी उंगली तो भावुक हुआ पिता
काउंसलिंग के साथ ही कानूनी मदद भी होती है जरूरी
इस बारे में 'भाई' संस्था के कोऑर्डिनेटर जकी अहमद कहते हैं कि पारिवारिक विवादों में लंबे समय तक चलने वाली कानूनी प्रक्रिया, सामाजिक बदनामी और परिवार पर पड़ने वाले असर के कारण कई पुरुष मानसिक प्रताड़ना से गुजरते हैं। कुछ मामलों में उन्हें शारीरिक हिंसा का भी सामना करना पड़ता है। ऐसे में समय पर काउंसलिंग और सही कानूनी मार्गदर्शन मिलने से उन्हें गंभीर कदम उठाने से रोका जा सकता है। हेल्पलाइन पर आने वाले प्रत्येक मामले में व्यक्ति की परेशानी को समझकर उसे मानसिक संबल देने और जरूरत के अनुसार विधिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है।




















