सिंगरौली:खाट पर ले जाना पड़ा नाबालिग का शव, सड़क के अभाव में नहीं पहुंची एंबुलेंस

सिंगरौली जिले के धौहनी विधानसभा क्षेत्र के दुधमनियां गांव में एक दर्दनाक घटना के बाद विकास के दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं। जहां 16 वर्षीय नाबालिग की मौत के बाद एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी, जिससे परिजनों और ग्रामीणों को शव खाट पर रखकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ा। बारिश से खराब हुई सड़क ने एक बार फिर गांव की बदहाल स्थिति को सामने ला दिया।
खाट पर ले जाना पड़ा नाबालिग का शव, सड़क के अभाव में नहीं पहुंची एंबुलेंस
खाट पर ले जाना पड़ा नाबालिग का शव, सड़क के अभाव में नहीं पहुंची एंबुलेंस

सिंगरौली। 16 वर्षीय किशोर की मौत के बाद पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने में सड़क सबसे बड़ी बाधा बन गई। एंबुलेंस कीचड़ और दलदल से भरे रास्ते में गांव तक नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों ने शव को खाट पर रखकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। 

दलदल में तब्दील हुई सड़क

धौहनी विधानसभा के दुधमनियां गांव में 16 वर्षीय सुनील सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस पोस्टमार्टम के लिए शव लेने गांव पहुंची, लेकिन बारिश से कीचड़ और दलदल में तब्दील सड़क के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। मजबूरी में परिजनों और ग्रामीणों ने शव को खाट पर रखकर पैदल मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। वहां से पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहन से शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

ग्रामीणों ने विकास कार्यों पर उठाए सवाल

ग्रामीण वीरेंद्र कुमार, ददन सिंह और बृजकिशोर सहित अन्य लोगों का कहना है कि लगातार चौथी पंचवर्षीय से एक ही विधायक कुंवर सिंह टेकाम क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इसके बावजूद गांव आज भी बुनियादी सड़क सुविधा से वंचित है। उनका कहना है कि मरीजों, गर्भवती महिलाओं और आपात स्थिति में आज भी लोगों को खाट का सहारा लेना पड़ता है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।

Breaking News

विधायक से संपर्क नहीं हो सका

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। मामले में विधायक कुंवर सिंह टेकाम का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इसके बाद ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से दुधमनियां मार्ग का जल्द निर्माण कराने की मांग दोहराई है।

मशहूर पर्वतारोही निर्मल पुर्जा का निधन: ब्रॉड पीक पर एवलांच में गई जान, दुनिया ने खोया महान क्लाइंबर

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा 

सरई थाना प्रभारी प्रहलाद मर्सकोले ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए लाते समय वाहन कीचड़ में फंस गया था। इसके बाद शव को कुछ दूरी तक खाट पर लाना पड़ा। बाद में सरई पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति का दूसरा वाहन बुलवाया और उसी वाहन से शव को अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...Read More

Latest Posts