बाड़ी में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 20 नग सागौन लकड़ी जब्त; आरोपी फरार

बाड़ी। वन विभाग द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार आरोपियों के घर पर करीब 40 वनकर्मियों और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने तलाशी वारंट के साथ दबिश दी। कार्रवाई में 20 नग सागौन लकड़ी और परिवहन में प्रयुक्त टाटा विस्टा कार जब्त की गई है।
तीन आरोपियों के घर पर दी दबिश
वन विभाग के अनुसार दरवेश पिता गुलाब सिंह, सुरेश पिता गुलाब सिंह और बग्गा पिता थाकन सिंह, सभी निवासी सिंधी कैंप बाड़ी, के घर पर बाड़ी, बम्होरी, विनेका और सुल्तानपुर रेंज के करीब 40 वनकर्मियों और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने तलाशी वारंट के साथ दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से अवैध सागौन लकड़ी बरामद की।
ये भी पढ़ें: गोहद के अखिल और सुमित जाएंगे बॉर्डर, ‘मां तुझे प्रणाम योजना’ में चयन; सैनिकों की जिंदगी को करीब से समझेंगे
20 नग सागौन और कार जब्त
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 20 नग सागौन लकड़ी जब्त की, जिसकी मात्रा करीब 0.378 घनमीटर और अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई जा रही है।
पथराव और अभद्रता का आरोप
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई के दौरान आरोपियों और उनके साथियों ने वन अमले के साथ अभद्र व्यवहार किया और पथराव जैसी स्थिति बन गई। महिला वनकर्मियों से भी अभद्रता की बात सामने आई है। हंगामे के बीच कुछ लोग मौके से फरार हो गए, हालांकि इस दौरान कोई वनकर्मी घायल नहीं हुआ।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
वन विभाग के रेंजर ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। साथ ही जब्त वाहन की भूमिका और उसके वास्तविक मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। वाहन मालिक की पहचान होते ही उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: बाड़ी में राधाष्टमी पर निकला भव्य चल समारोह, राधा-कृष्ण के स्वरूपों ने मोहा मन
सागौन के स्रोत और रूट की जांच
विभाग जब्त सागौन के स्रोत, उसे जंगल से काटकर सिंधी कैंप तक लाए जाने के रूट और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है। फिलहाल जब्त लकड़ी और वाहन को सिंघोरी अभयारण्य कार्यालय लाकर सुरक्षित रखा गया है।




















