सीधी-दो साल में नहीं मिला न्याय तो 71 वर्षीय बुजुर्ग ने जनसुनवाई में जाकर वापस मांगे अपने सभी आवेदन

सीधी। जिला पंचायत सभागार में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस वक्त अजीब स्थिति बन गई, जब 71 वर्षीय एक बुजुर्ग अपनी समस्या सुलझाने नहीं, बल्कि अब तक दी गई सारी शिकायतें वापस लेने की अर्जी लेकर पहुंच गए। रामपुर नैकिन नगर पंचायत निवासी रामलाल गुप्ता ने कलेक्टर को लिखित पत्र सौंपकर कहा कि वे अब तक के अपने सभी शिकायती आवेदन वापस लेना चाहते हैं, क्योंकि बार-बार गुहार लगाने के बाद भी उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ।
पांच बार अफसरों को बता चुके आप बीती
रामलाल गुप्ता के अनुसार, उन्होंने एक जमीन खरीदी थी, जिस पर पुष्पराज गुप्ता और रामलखन गुप्ता द्वारा कथित तौर पर मकान बनाया जा रहा है। बुजुर्ग का आरोप है कि वे पिछले दो वर्षों से 50 किलोमीटर का सफर तय कर पांच बार जनसुनवाई सहित कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अधिकारी मौके पर जांच करने तक नहीं पहुंचे। व्यवस्था की इस उपेक्षा से तंग आकर उन्होंने यह कदम उठाया।
न्याय मिलना ही नहीं तो आवेदन रखने का क्या औचित्य
मैंने खरीदी गई जमीन पर अवैध निर्माण रोकने के लिए दो साल में कई बार आवेदन दिए, 50 किमी दूर से चक्कर काटे, पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब न्याय मिलना ही नहीं, तो आवेदन रखने का क्या औचित्य? इसलिए सब वापस मांग रहा हूं।
-रामलाल गुप्ता, पीड़ित बुजुर्ग आवेदक
ये भी पढ़ें: लिफ्ट में हादसा! दूसरे फ्लोर से धड़ाम नीचे गिरी, 7 लोग घायल; गेट तोड़कर निकाले गए
आवेदक के आरोप गलत
आवेदक के आरोप सही नहीं हैं। वह दरअसल सरकारी जमीन की मांग कर रहे हैं, जो नियमानुसार दी ही नहीं जा सकती। आरआई और पटवारी को कई बार मौके पर भेजकर उन्हें पूरी वस्तुस्थिति समझा दी गई थी, फिर भी वे लगातार शिकायतें कर रहे हैं।
-आशीष मिश्रा, तहसीलदार, रामपुर नैकिन
तहसीलदार को विस्तृत जांच के निर्देश
मामला संज्ञान में आया है और तहसीलदार को विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। यदि आवेदक की शिकायत नियमों के दायरे में सही पाई जाती है, तो वैधानिक कार्रवाई कर समस्या का हर हाल में समाधान कराया जाएगा।
-विकास मिश्रा, कलेक्टर, सीधी
ये भी पढ़ें: 2036 की बिजली जरूरत के लिए 2800 मेगावाट थर्मल पावर खरीदेगा मप्र, हर विधानसभा में बनेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स


















