Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जम्मू-कश्मीर के शोपियां में एनकाउंटर : एक आतंकी ढेर, जवानों ने लश्कर के 3-4 आतंकवादियों को घेरा

Follow on Google News
जम्मू-कश्मीर के शोपियां में एनकाउंटर : एक आतंकी ढेर, जवानों ने लश्कर के 3-4 आतंकवादियों को घेरा
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में मंगलवार (13 मई) को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। यह मुठभेड़ शोपियां के जिनपाथर केलर इलाके में हुई, जहां लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकी मारा गया। रिपोर्ट्स के अनुसार 2-3 आतंकी अभी और छिपे हो सकते हैं। मुठभेड़ अभी जारी है।

पहले कुलगाम में शुरू हुआ ऑपरेशन

जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ की शुरुआत कुलगाम इलाके से हुई थी जो बाद में शोपियां तक फैल गई। यह जम्मू-कश्मीर में पिछले 11 दिनों में आतंकियों के साथ पहली बड़ी मुठभेड़ है।

‘आतंक मुक्त कश्मीर’ अभियान के तुरंत बाद कार्रवाई

सुरक्षाबलों ने शोपियां में हाल ही में ‘आतंक मुक्त कश्मीर’ नाम से पोस्टर अभियान शुरू किया था। इसमें पाकिस्तान के तीन खूंखार आतंकियों- आदिल हुसैन थोकर, अली भाई और हाशिम मूसा को पहलगाम आतंकी हमले का जिम्मेदार बताया गया। इन्हीं पोस्टरों के जारी होने के कुछ घंटों बाद यह मुठभेड़ शुरू हुई।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद सेना का ऑपरेशन सिंदूर

22 अप्रैल को पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की जान गई थी और 14 घायल हुए थे। इस हमले की जिम्मेदारी ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने ली थी, जो लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा आतंकी संगठन है। इसके जवाब में सेना ने सीमा पार आतंकी कैंपों पर हमला करते हुए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। इस ऑपरेशन के तहत कई आतंकी ठिकाने तबाह किए गए।

आतंकियों का लगाया पोस्टर, इनाम घोषित

सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने पहलगाम हमले में शामिल तीन आतंकियों के पोस्टर शोपियां, पुलवामा और आसपास के इलाकों में लगाए हैं। इसके साथ ही सूचना देने वाले को 20 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा की गई है। आतंकियों की तस्वीरें सार्वजनिक स्थलों पर चिपकाई गईं हैं।

जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती इलाकों में अब भी सतर्कता

हालांकि, भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर समझौते के बाद सरहदी क्षेत्रों में स्थिति सामान्य है, फिर भी सतर्कता बरती जा रही है। 11 मई की रात जम्मू, पंजाब और राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में ड्रोन देखे गए थे, हालांकि सेना ने बाद में स्पष्ट किया कि दुश्मन की कोई घुसपैठ नहीं हुई।

कई जगहों पर स्कूल बंद

राजौरी, सांबा, कुपवाड़ा और बारामूला जिलों में एहतियात के तौर पर स्कूल बंद किए गए हैं। साथ ही राजस्थान के जैसलमेर में भी ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। शोपियां के जंगलों में जारी मुठभेड़ के कारण सेना और पुलिस लगातार निगरानी रख रही है।

प्रधानमंत्री ने दी थी जानकारी

सोमवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकी ठिकानों पर एक्शन लिया गया है, लेकिन यह कार्रवाई सिर्फ “स्थगित” हुई है, बंद नहीं। देश आतंकवाद के खात्मे के लिए प्रतिबद्ध है।

अखनूर में बरामद हुआ संदिग्ध ड्रोन

जम्मू के अखनूर इलाके से हाल ही में एक ड्रोन बरामद किया गया है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने इसे कब्जे में लिया और जांच शुरू की है।

बिहार सरकार ने शहीद BSF जवान को दी श्रद्धांजलि

बिहार सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए BSF सब इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज के परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। यह राशि मुख्यमंत्री राहत कोष और राज्य निधि से दी जाएगी। ये भी पढ़ें- भोपाल के भानपुर में बड़ा धमाका : मैरिज गार्डन में एक के बाद एक फटे 10 सिलेंडर, कई घरों की दीवारों में आईं दरारें
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts