Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ऑक्सफोर्ड से पढ़ी बहू आएगी शिवराज के घर, जानें कौन हैं अमानत... जो बनेगी कार्तिकेय की दुल्हन

Follow on Google News
ऑक्सफोर्ड से पढ़ी बहू आएगी शिवराज के घर, जानें कौन हैं अमानत... जो बनेगी कार्तिकेय की दुल्हन
भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर बहुत जल्द ही शहनाई बजने वाली है। उनके बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान की सगाई 17 अक्टूबर को अमानत बंसल के साथ होने जा रही है। अमानत बंसल बिजनेस घराने से ताल्लुक रखती है। सगाई की जानकारी केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुद X पर दी है।

कौन हैं शिवराज की बड़ी बहू

अमानत बंसल उदयपुर की रहने वाली हैं। अमानत के पिता अनुपम बंसल लिबर्टी शूज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं और उनकी मां रुचिता बंसल कन्फेडरेशन ऑफ विमन एंटरप्रेन्योर्स ऑफ इंडिया के हरियाणा चैप्टर की फाउंडर हैं। अमानत ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से साइकोलॉजी में एमएससी की पढ़ाई पूरी की है। बताया जाता है कि इसी दौरान कार्तिकेय और अमानत की मुलाकात हुई थी। अब दोनों परिवारों ने मिलकर इस रिश्ते को सगाई तक पहुंचाया है।

छोटे बेटे की पहले ही हो चुकी है सगाई

इससे पहले अप्रैल 2023 में शिवराज सिंह के छोटे बेटे कुणाल सिंह चौहान की सगाई भी हो चुकी है। कुणाल की मंगेतर रिद्धि जैन भोपाल के नामी डॉक्टर इंद्रमल जैन की पोती हैं। उनके पिता संदीप जैन आदित्य बिरला ग्रुप में वाइस प्रेसिडेंट हैं। रिद्धि जैन और कुणाल की सगाई गुपचुप तरीके से हुई थी लेकिन बाद में उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं। कुणाल की मंगेतर भोपाल की रहने वाली हैं।

कार्तिकेय को है राजनीति में रुचि

शिवराज सिंह चौहान के परिवार में उनकी पत्नी साधना सिंह और दो बेटे कार्तिकेय और कुणाल हैं। कार्तिकेय राजनीति में सक्रिय हैं और 2013 से अपने पिता के लिए चुनाव प्रचार करते आ रहे हैं। वहीं, छोटे बेटे कुणाल विदिशा में मेसर्स सुंदर फूड्स एंड डेयरी का कामकाज देखते हैं और राजनीति से दूर रहते हैं।

शिवराज ने साझा की खुशी

शिवराज सिंह चौहान ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, "एक पिता के रूप में आज मेरे लिए बहुत खुशी का अवसर है। मैं, मेरी धर्मपत्नी साधना और पूरे परिवार को आप सभी से यह शुभ समाचार साझा करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि मेरे बड़े बेटे कार्तिकेय की सगाई श्री अनुपम बंसल जी और श्रीमती रुचिता बंसल जी की सुपुत्री अमानत बंसल से तय हुई है। 17 अक्टूबर को कार्तिकेय और अमानत की सगाई की रस्म होगी। बच्चों को भावी जीवन के लिए आप सभी शुभकामनाएं और आशीर्वाद दें।" ये भी पढ़ें- शिवराज सिंह चौहान के घर बजेगी शहनाई : बड़े बेटे कार्तिकेय की सगाई तय, घर की बड़ी बहू बनेगी अमानत; इस दिन होगी इंगेजमेंट
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts