सिवनी के जंगल में मिला बुजुर्ग का शव, सिर पर चोट के निशान; मवेशी चराने गए थे
घंसौर। सिवनी जिले के घंसौर स्थित किंदरई थाना क्षेत्र के सलैया पाटन और दमपुरी के जंगल में एक बुजुर्ग का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बुजुर्ग मवेशी चराने के लिए जंगल गए थे, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटे। परिजनों की तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला तो बेटे ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों के साथ जंगल में तलाश की, जहां बुजुर्ग का शव मिला। उनके सिर पर चोट के निशान थे।
घर नहीं लौटे तो बेटे ने दर्ज कराई गुमशुदगी
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दादूलाल के रूप में हुई है। उनके बेटे श्रीराम ने बताया कि पिता सुबह गाय चराने के लिए जंगल गए थे। शाम तक घर वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 1 नवंबर को श्रीराम ने किंदरई थाने में पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना मिलने पर पुलिस ग्रामीणों के साथ जंगल में तलाश करने पहुंची।
सिर से निकल रहा था खून, पेट पर भी मिले निशान
तलाशी के दौरान सलैया पाटन और दमपुरी के जंगल में बुजुर्ग का शव मिला। उनके सिर से खून निकला हुआ था। वहीं, पेट पर जंगली जानवर के सींग जैसे निशान पाए गए। परिजनों को बुजुर्ग का मोबाइल फोन नहीं मिलने पर भी संदेह हुआ। हालांकि, पुलिस की जांच में मोबाइल मृतक की जेब में ही मिला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत की वजह का खुलासा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।






















