'शैतानी रस्में' में कपालिका किरदार के लिए शेफाली जरीवाला ने खुद को बेडरूम में कर लिया था बंद, एक्ट्रेस ने कुछ ऐसे की अपनी तैयारी, जानकर हो जाएंगे हैरान

एंटरटेनमेंट डेस्क। 'कांटा लगा' गर्ल शेफाली जरीवाला हमेशा से अपने अभिनय को लेकर दर्शकों और फैंस के बीच चर्चित रही हैं। तमाम रियलिटी शोज के बाद एक्ट्रेस पहली बार एक फिक्शन शो में दिखने वाली हैं, जिसका नाम है 'शैतानी रस्में'। ऐसे में उन्होंने अपने किरदार कपालिका में गहराई से उतरने के लिए कड़ी मेहनत की है। अभिनेत्री ने अपने इस अनुभव को साझा करते हुए कई खास बातें बताई। उन्होंने खुलासा किया कि वे अपने निजी जीवन में कपालिका का किरदार को जी रहीं थीं।
मैंने खुद को बेडरूम में बंद कर लिया : शेफाली
शेफाली जरीवाला आगामी शो 'शैतानी रस्में' से टेलीविजन पर डेब्यू करने जा रही हैं। उन्होंने अपने किरदार कपालिका के बारे में खुलकर बात की है। एक्ट्रेस ने बताया कि इस किरदार में उतरने के लिए उन्होंने क्या-क्या तैयारी की हैं। शो से जुड़े वर्कशॉप के अनुभव को साझा करते हुए अभिनेत्री शेफाली जरीवाला ने बताया, "मैं अपने किरदार में पूरी तरह खरी उतरना चाहती थी इसलिए मैंने इसे निभाने को लेकर इसमें अपनी पूरी जान फूंक दी। मैंने वर्कशॉप से ही कपालिका की तरह रहना, उसकी तरह बर्ताव करना यहां तक की उसकी तरह सोचना भी शुरू कर दिया था। इतना ही नहीं मैंने कापालिक के व्यक्तित्व के साथ तालमेल बिठाने के लिए अपनी चाल ढाल और बातचीत सब कुछ कपालिका के अंदाज में बदल लिया। किरदार में गहराई तक उतरने के लिए मैंने खुद को बेडरूम में बंद कर लिया।"
दर्शक शेफाली और कपालिका के बीच अंतर न पहचान सकें : शेफाली
शेफाली ने आगे अपनी तैयारियों को लेकर बताया, "शैतानी रस्में में मेरा किरदार थोड़ा डार्क है और मैं यह इंश्योर करना चाहती हूं कि लोग स्क्रीन पर शेफाली और कपालिका के बीच अंतर न पहचान सकें। मैं दर्शकों को बिल्कुल वही किरदार पेश करना चाहती हूं, जैसा यह है।"





















