उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर मुरैना में विकसित होगा ‘शनिलोक’, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने किया निरीक्षण

मुरैना। जिले के सुप्रसिद्ध शनिचरा मंदिर को भव्य धार्मिक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में मंदिर परिसर के समग्र विकास को लेकर बैठक आयोजित हुई। इससे पहले तोमर ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर मौजूदा सुविधाओं तथा विकास कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान ग्वालियर से पहुंची प्रोजेक्ट टीम ने पीपीटी के माध्यम से प्रस्तावित कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उस पर तोमर और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा और परिसर के सौंदर्यीकरण पर फोकस
विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि शनिचरा मंदिर को उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर भव्य और आकर्षक स्वरूप देते हुए ‘शनिलोक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में मंदिर की धार्मिक मान्यताओं, ऐतिहासिक महत्व और सांस्कृतिक विरासत का पूरा सम्मान किया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन, स्वच्छता, सुरक्षा और परिसर के सौंदर्यीकरण पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने प्रोजेक्ट टीम से कहा कि योजना में आवश्यक सुविधा का प्रावधान हो। प्रशासनिक अधिकारियों को भी आवश्यक समन्वय व व्यवस्थाएं प्राथमिकता से करने को कहा गया। इस दौरान तोमर ने बरसात के मौसम में मंदिर परिसर में होने वाले जलभराव की समस्या को गंभीरता से लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश का पानी परिसर में जमा न हो, इसके लिए पूरे क्षेत्र की ड्रेनेज व्यवस्था का तकनीकी परीक्षण किया जाए और बड़ी पाइप लाइन के माध्यम से पानी की निकासी हो। जल निकासी इस प्रकार रखी जाए कि वर्षा का पानी बिना किसी रुकावट के तेजी से बाहर निकल सके। साथ ही मंदिर के पीछे स्थित निकास क्षेत्र के पास भूमि को समतल कराने और आवश्यकतानुसार रिटेनिंग वॉल बनाने के निर्देश दिए गए।
ये भी पढ़ें: अंडर 19 एशिया कप विनिंग टीम का ये है मप्र कनेक्शन, ग्वालियर-मुरैना में क्रिकेट का हुनर सीखकर चमके हैं मनल और यशवर्धन
कुंड, राम प्रतिमा और सप्तऋषि स्थल का होगा निर्माण
विधानसभा अध्यक्ष ने मंदिर परिसर स्थित कुंड के विकास को लेकर कहा कि धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं के अनुसार इसका प्रतीकात्मक स्वरूप में बेहतर निर्माण कराया जाए। परिसर में दुकानों को निर्धारित स्थानों पर सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए ताकि आवागमन बाधित न हो। उन्होंने सीढ़ियों व ऊपरी निकास क्षेत्र में रैंप और शेड निर्माण, स्वच्छ व पर्याप्त शौचालय तथा कथा स्थल विकसित करने को कहा। लेटे हुए हनुमानजी की प्रतिमा के पास भगवान राम की भव्य प्रतिमा स्थापित करने और सप्तऋषि मंडल के लिए विशेष स्थल बनाने के निर्देश भी दिए गए।
प्रसाद योजना से 14.61 हेक्टेयर क्षेत्र का विकास
मप्र पर्यटन बोर्ड द्वारा शनिचरा मंदिर के विकास के लिए 34 करोड़ 97 लाख 49 हजार रुपए की परियोजना तैयार की गई है। भारत सरकार की इस योजना के तहत इस परियोजना को 24 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कुल 14.61 हेक्टेयर भूमि में से 3.89 हेक्टेयर में निर्माण व विकास कार्य होंगे, जबकि 10.72 हेक्टेयर क्षेत्र को हरित क्षेत्र के रूप में संरक्षित किया जाएगा। परियोजना में लगभग 300 वाहनों की पार्किंग, 500 श्रद्धालुओं की भोजनशाला, 20 प्रसाद काउंटर व दुकानें, विश्राम स्थल, डे-शेल्टर, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, स्नान कुंड, कथा स्थल, राम स्थल, सप्तऋषि मंडल चबूतरा, बाहरी प्रकाशीकरण, बाल-जूते-वस्त्र संग्रहण सुविधा, सीसीटीवी और पब्लिक एड्रेस सिस्टम शामिल हैं। वास्तुकला में शनि यंत्र की प्रतिकृति, ग्वालियर दुर्ग से प्रेरित रूपांकन और मितावली के चौसठ योगिनी मंदिर की शैली से प्रेरित स्तंभ प्रस्तावित हैं।
ये भी पढ़ें: नाना पाटेकर की आखिरी फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ में दिखेगी MP के शहरों की झलक! जानें कब होगी रिलीज




















