Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

जबलपुर में कोदो की रोटी खाने से एक ही परिवार के 7 लोग बीमार, एक बुजुर्ग ICU में भर्ती

सिहोरा के मुंहास गांव में कोदो की रोटी खाने के एक घंटे बाद सात लोगों को उल्टियां होने लगीं। सभी मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं।
जबलपुर में कोदो की रोटी खाने से एक ही परिवार के 7 लोग बीमार, एक बुजुर्ग ICU में भर्ती

जबलपुर। सिहोरा के मुंहास गांव में बुधवार रात एक ही परिवार के सात सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। सभी ने रात के भोजन में कोदो के आटे से बनी रोटियां खाई थीं। भोजन करने के करीब एक घंटे बाद ही परिवार के सदस्यों को एक-एक कर उल्टियां होने लगीं। देखते ही देखते सभी की हालत बिगड़ गई।

ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल सिहोरा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। यहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. एहतेशाम अंसारी ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद सभी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।

कोदो की रोटी खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

परिजनों के अनुसार परिवार ने कोदो अपने ही खेत में उगाया था। फसल से निकले अनाज को पिसवाकर घर में आटा तैयार किया गया था। इसी आटे से बनी रोटियां परिवार के सभी सदस्यों ने रात के भोजन में खाई थीं। इसके करीब एक घंटे बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। आशंका जताई जा रही है कि अनाज के दूषित होने या उसमें किसी हानिकारक तत्व की मौजूदगी के कारण यह स्थिति बनी। हालांकि, बीमारी की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

जबलपुर में फिर टूटी बरगी बाईं तट की नहर, धान की तैयार फसल पानी में डूबी; किसानों ने की मुआवजे की मांग

एक बुजुर्ग आईसीयू में, छह अन्य वार्ड में भर्ती

मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों में सिकंदर (55), जुम्नी (40), इकरार (30), रजीना (25), रुखसार (18), रोजी (15) और शबनम (11) शामिल हैं। इनमें 55 वर्षीय सिकंदर को आईसीयू में रखा गया है। उम्र अधिक होने के साथ उन्हें कुछ अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बताई जा रही हैं। शेष छह मरीजों को वार्ड क्रमांक 15 और 16 में भर्ती किया गया है।

चिकित्सकों की टीम कर रही निगरानी

मेडिकल कॉलेज अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि सभी मरीजों को आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर है और मरीजों की सेहत में सुधार हो रहा है।

सिवनी में NH-44 पर भीषण हादसा, पानी के टैंकर से टकराई बाइक; 2 की मौत, एक गंभीर

दूषित अनाज से हो सकती है परेशानी

मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. एस. नेलसन ने बताया कि कोदो अपने आप में पौष्टिक और सुरक्षित मोटा अनाज है। इसके सेवन से सामान्य तौर पर इस तरह की परेशानी नहीं होती।

यदि अनाज का भंडारण सही तरीके से नहीं किया गया हो और उसमें फफूंद या अन्य दूषित तत्व विकसित हो जाएं, तो उसका सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे अनाज को खाने से उल्टी, पेट दर्द और अन्य गंभीर लक्षण सामने आ सकते हैं। हालांकि मुंहास गांव की घटना में बीमारी की वास्तविक वजह प्रयोगशाला जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts