कटनी में निकलेगा करोड़ों का कॉपर; लेड और जिंक, 265 हेक्टेयर में शुरू होगा प्रॉस्पेक्टिंग कार्य, खनिज विभाग ने किया लाइसेंस एग्रीमेंट

कटनी। कटनी जिले के खनिज इतिहास में एक नया और स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है। जिले के सेवालपुर और नवलिया क्षेत्र की धरती से करोड़ों रुपये मूल्य का बेस मेटल (कॉपर, लेड और जिंक) निकालने के लिए शासन के खनिज विभाग और ‘मेसर्स ए माइनिंग कॉर्पोरेशन’ के बीच कंपोजिट लाइसेंस एग्रीमेंट किया गया है। कलेक्टर के हस्ताक्षर के साथ ही इस महत्वपूर्ण अनुबंध की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
GSI सर्वे में हुई थी भंडार की पुष्टि
पूर्व में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (GSI) द्वारा किए गए सर्वेक्षण में इस क्षेत्र में बेस मेटल के विशाल भंडार होने की पुष्टि की गई थी। स्लीमनाबाद और बड़वारा तहसील के अंतर्गत आने वाला यह 265 हेक्टेयर का ब्लॉक राजस्व और वन भूमि में फैला हुआ है। समझौते के तहत कंपनी पहले चरण में खनिज की सटीक मात्रा और गहराई का आकलन (प्रॉस्पेक्टिंग) करेगी। इस तकनीकी प्रक्रिया के पूरा होने के बाद विधिवत रूप से माइनिंग लीज स्वीकृत की जाएगी।
सलैया कारीपाथर में भी खुलेगा खनन का रास्ता
जिले में मेटल माइनिंग की संभावनाओं को देखते हुए विभाग ने सलैया कारीपाथर क्षेत्र में भी 150 हेक्टेयर का एक अन्य ब्लॉक चिन्हित किया है। इसे आगामी नीलामी प्रक्रिया में शामिल करने के लिए विभागीय कागजी कार्रवाई तेजी से चल रही है। इस बड़े प्रोजेक्ट से क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कंपोजिट ब्लॉक नीलामी में ए माइनिंग कॉर्पोरेशन से एग्रीमेंट
इस बारे में उप संचालक खनिज डॉ. रत्नेश दीक्षित ने बताया कि बेस मेटल के कंपोजिट ब्लॉक की नीलामी के तहत मेसर्स ए माइनिंग कॉर्पोरेशन के साथ एग्रीमेंट किया गया है। 265 हेक्टेयर का यह ब्लॉक सेवालपुर एवं नवलिया क्षेत्र में है, आगे की कार्रवाई प्रक्रिया में है।
ये भी पढ़ें: कटनी का किसना शोरूम चोरी कांड: झारखंड का 'अब्जुल' निकला गिरोह का सरगना, कोलकाता से गिरफ्तार बदरुद्दीन ने किया खुलासा




















