Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीधी में 10 हजार की रिश्वत लेते क्लर्क गिरफ्तार, कलेक्टर के आदेश पर रोक लगवाने का आवेदन लेने के बदले मांगे थे 15 हजार

सीधी जिले के हनुमानगढ़ उप-तहसील कार्यालय में रीवा लोकायुक्त ने क्लर्क भूपेंद्र सिंह चौहान को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। आरोपी ने 15 हजार रुपए मांगे थे।
सीधी में 10 हजार की रिश्वत लेते क्लर्क गिरफ्तार, कलेक्टर के आदेश पर रोक लगवाने का आवेदन लेने के बदले मांगे थे 15 हजार
सीधी में 10 हजार की रिश्वत लेते क्लर्क गिरफ्तार

सीधी जिले में रीवा लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की। लोकायुक्त टीम ने रामपुर नैकिन तहसील के अंतर्गत हनुमानगढ़ उप-तहसील कार्यालय में पदस्थ क्लर्क भूपेंद्र सिंह चौहान को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि क्लर्क ने कलेक्टर के आदेश पर रोक लगवाने से संबंधित अपील का आवेदन स्वीकार करने के बदले शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत की पहली किस्त लेते पकड़ लिया।

पट्टे की जमीन को राजस्व भूमि घोषित करने का मामला

रीवा लोकायुक्त एसपी योगेश्वर शर्मा के अनुसार, ग्राम देवरछ निवासी हीरालाल कोल ने क्लर्क भूपेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता की पट्टे की जमीन को हाल ही में सीधी कलेक्टर ने राजस्व भूमि घोषित करने का आदेश दिया था। हीरालाल इस आदेश पर रोक लगवाने के लिए अपील करना चाहते थे। आरोप है कि हनुमानगढ़ उप-तहसील कार्यालय में पदस्थ क्लर्क भूपेंद्र सिंह चौहान ने इस संबंध में आवेदन स्वीकार करने के बदले 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी।

शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त ने बिछाया जाल

हीरालाल कोल ने रिश्वत की मांग को लेकर रीवा लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया।सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई गई। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपए लेकर हनुमानगढ़ उप-तहसील कार्यालय भेजा गया। लोकायुक्त की टीम पहले से ही आसपास तैनात थी।

10 हजार रुपए लेते ही लोकायुक्त टीम ने पकड़ा

गुरुवार को शिकायतकर्ता हीरालाल कोल उप-तहसील कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने तय योजना के अनुसार क्लर्क भूपेंद्र सिंह चौहान को 10 हजार रुपए दिए। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। कार्रवाई के बाद मामले से संबंधित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी क्लर्क भूपेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। रीवा लोकायुक्त एसपी योगेश्वर शर्मा के अनुसार, शिकायतकर्ता से आवेदन स्वीकार करने के बदले रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि के बाद ट्रैप कार्रवाई की गई।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts