नाना पाटेकर की आखिरी फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ में दिखेगी MP के शहरों की झलक! जानें कब होगी रिलीज

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन के बाद उनकी आखिरी बताई जा रही फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ चर्चा में है। इस फिल्म की शूटिंग मध्य प्रदेश के ग्वालियर, दतिया और मुरैना में की गई थी। करीब पांच दशक तक फिल्मों में अपने दमदार अभिनय से पहचान बनाने वाले नाना का मध्य प्रदेश से भी पुराना रिश्ता रहा है। उनकी कई फिल्मों की शूटिंग प्रदेश के अलग-अलग शहरों में हुई थी।
‘शक्ति शालिनी’ में तांत्रिक के किरदार में दिखेंगे नाना
नाना पाटेकर फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ पर काम कर रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस फिल्म में वह एक तांत्रिक की भूमिका निभाने वाले हैं। हालांकि, उनके किरदार की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि नाना ने फिल्म में अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर ली थी। ‘शक्ति शालिनी’ मैडॉक हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स का हिस्सा है। फिल्म में अभिनेत्री अनीत पड्डा और अभिनेता विनीत कुमार सिंह भी नजर आएंगे। फिल्म साल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। नाना के निधन के बाद यह फिल्म उनके प्रशंसकों के लिए खास बन गई है।
ग्वालियर, दतिया और मुरैना में हुई शूटिंग
‘शक्ति शालिनी’ की शूटिंग के लिए मध्य प्रदेश के कई इलाकों को चुना गया था। इनमें ग्वालियर, दतिया और मुरैना शामिल हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की कहानी में चंबल के डाकुओं और बीहड़ों से जुड़ा पहलू भी है। इसी वजह से इन इलाकों की लोकेशन फिल्म के लिए अहम मानी जा रही है। दतिया के करण सागर इलाके में शूटिंग के दौरान स्थानीय लोगों ने नाना पाटेकर को देखा था। फिल्म की कहानी और उनके किरदार को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में दर्शकों को फिल्म की रिलीज का इंतजार रहेगा।
भोपाल में भी हुई थी ‘राजनीति’ की शूटिंग
नाना पाटेकर का मध्य प्रदेश से रिश्ता सिर्फ ‘शक्ति शालिनी’ तक सीमित नहीं था। साल 2010 में रिलीज हुई फिल्म ‘राजनीति’ की शूटिंग के लिए भी वह भोपाल आए थे। इस दौरान उन्होंने कुछ दिन राजधानी में बिताए थे। ‘राजनीति’ सत्ता और राजनीतिक संघर्ष पर आधारित फिल्म थी। इसमें नाना पाटेकर ने अहम भूमिका निभाई थी। फिल्म में उनके अभिनय को दर्शकों ने पसंद किया था। भोपाल में शूटिंग के दौरान उनका प्रदेश से जुड़ाव एक बार फिर देखने को मिला।
ये भी पढ़ें: नाना पाटेकर को राजकीय सम्मान के साथ दी गई आखिरी विदाई, बेटे ने बताया रात में क्यों हुआ अंतिम संस्कार?
पचमढ़ी में भी शूट हुई थीं नाना की फिल्में
मध्य प्रदेश के खूबसूरत हिल स्टेशन पचमढ़ी में भी नाना पाटेकर की फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। साल 1990 में रिलीज हुई फिल्म ‘थोड़ा सा रूमानी हो जाएं’ की शूटिंग यहां हुई थी। इसके बाद साल 2000 में आई क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘तरकीब’ के कुछ हिस्से भी पचमढ़ी में फिल्माए गए थे। पचमढ़ी, नर्मदापुरम जिले में स्थित है। इस जिले का नाम पहले होशंगाबाद था। इस तरह नाना पाटेकर का मध्य प्रदेश से जुड़ाव भोपाल और पचमढ़ी से लेकर चंबल के इलाकों तक रहा।
‘शक्ति शालिनी’ से फिर पर्दे पर दिखेगा MP
नाना पाटेकर ने अपने लंबे करियर में गंभीर किरदारों से लेकर यादगार कॉमिक भूमिकाओं तक, कई तरह के किरदार निभाए। उनकी दमदार आवाज और अभिनय की अलग शैली ने उन्हें हिंदी और मराठी सिनेमा में खास पहचान दिलाई। अब उनकी आखिरी बताई जा रही फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ के जरिए मध्य प्रदेश की लोकेशन एक बार फिर बड़े पर्दे पर नजर आ सकती हैं। ग्वालियर, दतिया और मुरैना में हुई शूटिंग के कारण यह फिल्म प्रदेश के दर्शकों के लिए भी खास हो सकती है। फिल्म की रिलीज 2027 में प्रस्तावित है।



















