सीहोर में गर्लफ्रेंड की हत्या के दोषी को उम्रकैद, चेहरा कुचलकर जंगल में फेंका था शव

सीहोर। आरोपी ने धारदार हथियार से हमला करने के बाद पत्थर से महिला का चेहरा कुचल दिया था। न्यायालय ने आरोपी को एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत भी दोषी ठहराते हुए कुल 10,500 रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है।
जंगल में मिला था 5-6 दिन पुराना क्षत-विक्षत शव
अभियोजन के अनुसार, 15 जून 2025 को 100 डायल पर देवरथ नामक व्यक्ति ने सूचना दी कि वह अपने तीन दोस्तों के साथ एनएच-46 बैतूल-भोपाल रोड स्थित मिडघाट के पास सतकुंडा में ट्रेकिंग करने गया था। इसी दौरान जंगल में करीब 100 मीटर अंदर एक महिला का शव पड़ा दिखाई दिया। सूचना मिलते ही डायल-100 के चालक प्रमोद अहिरवार और आरक्षक गोविंद मौके पर पहुंचे। करीब 25 से 30 वर्ष की महिला के शव पर गर्दन और पेट में गंभीर चोटों के निशान थे। शव की स्थिति देखकर उसके 5-6 दिन पुराना होने की आशंका जताई गई।
ये भी पढ़ें: सीहोर में 2 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों को मंजूरी, विद्यार्थियों के लिए बनेगी आधुनिक लाइब्रेरी
धारदार हथियार से वार, पत्थर से कुचला चेहरा
पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई के बाद शव का परीक्षण कराया गया। जांच में सामने आया कि महिला की गर्दन और पेट पर धारदार वस्तु से कई वार किए गए थे। इसके बाद किसी कठोर और भारी वस्तु से उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया गया था। चोटों की प्रकृति से स्पष्ट हुआ कि महिला की हत्या की गई थी। शव के फोटो, कपड़ों और आसपास मिली सामग्री के आधार पर पहचान की कोशिश की गई, जिसमें मृतिका की पहचान बैतूल जिले के ग्राम पहावाड़ी, थाना शाहपुर निवासी अंकिता के रूप में हुई। वह 11 जून 2025 को घर से बिना बताए चली गई थी और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट शाहपुर थाने में दर्ज कराई थी।
पूछताछ से खुला हत्या का राज
मृतिका की हत्या की पुष्टि होने पर बुदनी थाने में अपराध क्रमांक 215/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 में प्रकरण दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अंकिता की मित्रता शाहपुर, जिला बैतूल निवासी कृष्णकांत मालवीय उर्फ छोटू से थी। मृतिका के परिजनों ने भी उस पर संदेह जताया। पुलिस ने आरोपी को बुलाकर पूछताछ की, जिसमें उसके द्वारा अपराध स्वीकार करने की बात अभियोजन की ओर से प्रस्तुत की गई।
मोबाइल के टुकड़े, छुरी और पत्थर बने अहम साक्ष्य
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर बरामद किया। उसकी मोटरसाइकिल और सीट के नीचे छिपाकर रखी गई छुरी भी जब्त की गई। आरोपी की जानकारी पर इंदौर से उसके मोबाइल फोन के टुकड़े बरामद किए गए। इसके अलावा घटनास्थल से कुछ दूरी पर मृतिका का दस्तावेजों वाला बैग और आरोपी के कपड़े भी जब्त किए गए। पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए और सीसीटीवी फुटेज भी जुटाए, जिसमें आरोपी मृतिका के साथ दिखाई दिया था। मृतिका की मित्र शीतल ने भी बयान दिया कि आरोपी ने फोन पर उसे घटना के बारे में बताया था।
कोर्ट ने सुनाई दो धाराओं में सख्त सजा
विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने न्यायालय में अभियोगपत्र प्रस्तुत किया। अभियोजन की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों और तर्कों से सहमत होते हुए विशेष न्यायालय (एट्रोसिटी), जिला सीहोर ने कृष्णकांत मालवीय को धारा 103(1) बीएनएस और धारा 3(2)(व्ही) एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई। वहीं धारा 238 बीएनएस के तहत पांच वर्ष के सश्रम कारावास और कुल 10,500 रुपए के अर्थदंड से भी दंडित किया। शासन की ओर से जिला अभियोजन अधिकारी वंदना परते ने प्रकरण में पैरवी की।




















