रायसेन में नर्मदा किनारे मिला हजारों साल पुराना जीवाश्म, स्टेगोडॉन हाथी का जबड़ा होने की संभावना

रायसेन। देवरी तहसील के इस घाट पर मिले जीवाश्म को चट्टान से सावधानीपूर्वक निकालने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद वैज्ञानिक अध्ययन होगा, जिससे इसकी वास्तविक पहचान और उम्र का पता चल सकेगा।
पतई घाट पर मिला स्टेगोडॉन हाथी का जीवाश्म
रायसेन जिले की देवरी तहसील में नर्मदा नदी के पतई घाट पर यह जीवाश्म मिला है। शुरुआती परीक्षण के आधार पर विशेषज्ञों का मानना है कि यह विलुप्त हो चुके स्टेगोडॉन हाथी का निचला जबड़ा और दांत हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें: रायसेन में जनविश्वास अभियान का शिविर, विधायक-कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं
पुणे के विशेषज्ञ ने किया प्रारंभिक परीक्षण
मध्य प्रदेश पुरातत्व संचालनालय ने पुणे के जीवाश्म विशेषज्ञ डॉ. विजय साठे से इसका परीक्षण कराया है। उनके शुरुआती निष्कर्ष में इसे स्टेगोडॉन हाथी का जबड़ा होने की संभावना जताई गई है।
26 हजार साल पहले तक धरती पर मौजूद था हाथी
विशेषज्ञों के मुताबिक, स्टेगोडॉन हाथी की एक ऐसी प्रजाति थी, जो करीब 26 हजार वर्ष पहले तक धरती पर मौजूद थी। यह प्रजाति अब पूरी तरह विलुप्त हो चुकी है। इसकी ऊंचाई लगभग साढ़े 10 फीट और वजन 6.5 से 7.5 टन तक बताया जाता है।
GSI की टीम भी कर चुकी है जीवाश्म का निरीक्षण
इससे पहले जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (GSI) की टीम भी पतई घाट पहुंचकर जीवाश्म का निरीक्षण कर चुकी है। टीम ने भी शुरुआती तौर पर इसे स्टेगोडॉन हाथी का निचला जबड़ा होने की संभावना जताई थी।
चट्टान से निकालने के बाद होगा वैज्ञानिक अध्ययन
फिलहाल जीवाश्म को चट्टान से सावधानीपूर्वक बाहर निकालने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद विशेषज्ञ इसका विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन करेंगे। अंतिम जांच के बाद ही इसकी वास्तविक पहचान और उम्र की पुष्टि हो सकेगी।




















