इंदौर। आज़ाद नगर थाना क्षेत्र में शादी का वादा कर लॉ की छात्रा से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी वकील को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी लोकेशसिंह भदौरिया के अनुसार पीड़िता कानून की छात्रा है, जो मूल रूप से सेंधवा की रहने वाली है और वर्तमान में मूसाखेड़ी क्षेत्र में किराए से रह रही है। युवती ने पुलिस को बताया कि करीब तीन वर्ष पहले एक शादी समारोह के दौरान उसकी मुलाकात आरोपी परवेज पिता अजीज कुरैशी से हुई थी। परिचय के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे संपर्क बढ़ता गया।
आरोप है कि आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा दिलाकर अपने विश्वास में लिया और इसी आधार पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय बाद जब युवती ने विवाह की बात कही तो आरोपी टालने लगा और अंततः शादी से साफ इनकार कर दिया। खुद को ठगा महसूस करने पर युवती ने आज़ाद नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार को न्यायालय में पेशी के बाद कोर्ट ने आरोपी को जेल भेजने के आदेश दिए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।