सिवनी मालवा में मूंग खरीदी पर सवाल, कांग्रेस ने CM के नाम सौंपा ज्ञापन; सर्वेयरों की नियुक्ति की जांच की मांग

मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा में मूंग खरीदी और गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए हैं। नगर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार नितिन झोड़ को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
सर्वेयरों की नियुक्ति पर उठाए सवाल
नगर कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सिवनी मालवा में मूंग खरीदी के लिए नियुक्त कुछ सर्वेयरों की नियुक्ति कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर की गई है। कांग्रेस का कहना है कि संबंधित कंपनी पर पहले भी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर काम हासिल करने के आरोप लगे हैं। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि इस मामले को लेकर अधिकारियों के स्तर पर शिकायत और पत्राचार किए जाने की जानकारी सामने आई है। कांग्रेस ने पूरे मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
कंपनियों और सर्वेयरों के दस्तावेजों का सत्यापन हो
कांग्रेस ने मांग की है कि सिवनी मालवा तहसील में मूंग खरीदी और गुणवत्ता परीक्षण से जुड़ी पूरी प्रक्रिया की जांच की जाए। इसके साथ ही सर्वे का काम करने वाली कंपनियों और सर्वेयरों के दस्तावेज, अनुभव, पात्रता और पूर्व में किए गए कार्यों का सत्यापन कराया जाए। ज्ञापन में कहा गया कि जिन कंपनियों पर ब्लैकलिस्ट होने या फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के आरोप हैं, जांच पूरी होने तक उनके काम की समीक्षा की जाए। अगर किसी ब्लैकलिस्टेड कंपनी को नियमों के खिलाफ काम दिया गया है तो संबंधित अधिकारियों और कंपनी की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।
किसानों के सैंपल और गुणवत्ता रिपोर्ट में पारदर्शिता की मांग
नगर कांग्रेस ने मूंग खरीदी के दौरान गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि किसानों की उपज के सैंपल, गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट और खरीदी से जुड़े रिकॉर्ड पारदर्शी रखे जाने चाहिए, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो। कांग्रेस ने पूरे मामले की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की समिति बनाने और उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग भी की है। साथ ही दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति या कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।
किसानों के हित में जांच की मांग
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मूंग उत्पादक किसान अपनी उपज का उचित मूल्य और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था चाहते हैं। खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता से किसानों को आर्थिक नुकसान हो सकता है और सरकारी व्यवस्था की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं। नगर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से मामले में तत्काल संज्ञान लेकर उच्चस्तरीय जांच के आदेश देने की मांग की है।
ये कार्यकर्ता रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी सिवनी मालवा स्वदेश शर्मा, नगर अध्यक्ष युवक कांग्रेस हैरिसन स्वामी, पूर्व जिला अध्यक्ष NSUI पृथ्वीराज रघुवंशी, देवेंद्र रघुवंशी, आकाश दर, मो. फारूक, दीपक गोस्वामी, अभिषेक सल्लम, सावन यादव, सत्यम यादव, नर्मदा गौर, रामबाबू बैरागी समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।











